कल्याणपुर में बदमाशों ने बाइक सवार युवक को जबरन रोककर मुंह में मारी गोली, DMCH रेफर

समस्तीपुर/कल्याणपुर : समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर टारा गांव में बूढ़ी गंडक तटबंध के सानिया बाहा श्मशान के समीप मंगलवार की देर शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक युवक को जबरन रोककर उसके मुंह में गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। जख्मी युवक की पहचान मधुरापुर टारा गांव के स्व. राइ साहब साहनी के 19 वर्षीय पुत्र रजनीश कुमार के रूप में हुई है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रजनीश कुमार मंगलवार की देर शाम अपनी बाइक से माधोपुर भुआल की ओर से तटबंध के रास्ते मधुरापुर घाट स्थित अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान मधुरापुर घाट की ओर से बाइक पर सवार होकर तीन युवक वहां पहुंचे। बताया जाता है कि सानिया बाहा श्मशान के समीप बदमाशों ने रजनीश को जबरन रोक लिया। इसके बाद उसके साथ कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसी दौरान तीनों बदमाशों में से एक ने पिस्तौल निकालकर रजनीश के मुंह में गोली मार दी। घटना के बाद तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने जख्मी युवक को उठाकर इलाज के लिए सीएचसी कल्याणपुर में भर्ती कराया। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने उसका प्राथमिक उपचार किया। बताया गया है कि गोली युवक के जबड़े में फंसी हुई थी। डॉक्टर ने गोली निकालने की बात कही है। वहीं, युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए ड्यूटी पर मौजूद डॉ. राजकुमार ने उसे बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच, दरभंगा रेफर कर दिया।

इधर घटना की सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। गोलीबारी की इस घटना के बाद मधुरापुर टारा गांव में दहशत का माहौल है। इस संबंध में सदर एसडीपीओ-2 संजय कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उनके नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की है। जख्मी युवक का फर्द बयान दर्ज करने के लिए पुलिस टीम अस्पताल भेजी गई है। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।



