समस्तीपुर के ग्रामीण SP मुकुल कुमार रंजन इन 17 थानों की करेंगे मॉनिटरिंग

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के पहले ग्रामीण एसपी के रूप में मुकुल कुमार रंजन ने सोमवार को योगदान दे दिया। योगदान से पूर्व सर्किट हाउस में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। बताया गया है कि ग्रामीण एसपी का मुख्यालय दलसिंहसराय बनाया जाएगा। उनके योगदान के साथ ही जिले में ग्रामीण क्षेत्रों की पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण की निगरानी के लिए अलग से वरिष्ठ अधिकारी की जिम्मेदारी तय हो गई है। मुकुल कुमार रंजन इससे पहले पटना में एसपी (विधि-व्यवस्था) के पद पर तैनात थे।

बिहार सरकार के गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के तहत उन्हें समस्तीपुर का ग्रामीण एसपी नियुक्त किया गया था। वह वर्ष 2010 बैच के प्रोन्नत आईपीएस अधिकारी हैं और मूल रूप से वैशाली जिले के निवासी हैं। नई व्यवस्था के तहत ग्रामीण एसपी के अधीन रोसड़ा, दलसिंहसराय और पटोरी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के क्षेत्र में आने वाले थाने रहेंगे। इनमें रोसड़ा, सिंघिया, विभूतिपुर, बिथान, हसनपुर, लरझाघाट, हथौड़ी, शिवाजीनगर, दलसिंहसराय, विद्यापतिनगर, उजियारपुर, अंगारघाट, घटहो, पटोरी, मोहिउद्दीननगर, हलई और मोहनपुर थाना शामिल हैं।
इन क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण, थानों की कार्यप्रणाली की समीक्षा और पुलिस अधिकारियों के कामकाज की निगरानी करना ग्रामीण एसपी की प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल होगा। ग्रामीण इलाकों में दर्ज आपराधिक मामलों की समीक्षा और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई को प्रभावी बनाने पर भी जोर रहेगा।
यहां देखें वीडियों :




