उजियारपुर में 11 वर्षीय किशोरी से दु’ष्कर्म के प्रयास का आरोप, अधेड़ हिरासत में

समस्तीपुर/उजियारपुर : उजियारपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 11 वर्षीय किशोरी के साथ घर में घुसकर जबरदस्ती करने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। घटना रविवार की बतायी जा रही है। आरोप है कि गांव का ही एक अधेड़ व्यक्ति नशे की हालत में किशोरी के घर में घुसा और उसके साथ जोर-जबरदस्ती करने लगा। इस दौरान किशोरी के बेहोश होने की बात सामने आयी है। घटना के समय किशोरी की मां मजदूरी करने के लिए बाहर गयी थी और घर में दोनों बहनें मौजूद थीं।
आरोप है कि अधेड़ ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया और किशोरी के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। छोटी बहन ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे चाकू दिखाकर डराने की कोशिश की। बताया गया कि आरोपी के डराने के बाद छोटी बहन किसी तरह कमरे से बाहर निकली और शोर मचाने लगी। आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचने लगे। लोगों को जुटता देख आरोपी मौके से फरार हो गया।


घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और लोगों ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। ग्रामीण उसके साथ मारपीट करने पर उतारू थे। इसी दौरान पंचायत के मुखिया मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गयी। सूचना मिलने पर उजियारपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी अधेड़ को हिरासत में लेकर थाने ले गयी। वहीं पीड़िता को इलाज के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना की जांच के लिए फोरेंसिक टीम भी उजियारपुर थाना पहुंची। टीम ने आरोपी से पूछताछ करने के साथ घटना से जुड़े संभावित साक्ष्यों की जांच की। प्रभारी थानाध्यक्ष चंद्र प्रकाश राजू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला छेड़छाड़ से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पीड़िता का बयान दर्ज कराने के लिए महिला पुलिस पदाधिकारी को सदर अस्पताल भेजा गया है। फर्द बयान मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



