समस्तीपुर जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में मुफ्त ईसीजी जांच, हृदय रोग की पहचान होगी आसान

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक जांच सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। इसी क्रम में सदर अस्पताल से लेकर अनुमंडलीय अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) तक ईसीजी (इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम) जांच की सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। ईसीजी हृदय की विद्युत गतिविधियों की जांच करने वाली महत्वपूर्ण प्रक्रिया है।
सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी, धड़कन में अनियमितता, चक्कर सहित अन्य हृदय संबंधी लक्षणों वाले मरीजों के चिकित्सकीय मूल्यांकन में इसकी अहम भूमिका होती है। सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में ईसीजी की सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को अपने नजदीकी केंद्र पर ही जांच कराने का लाभ मिलेगा। इससे समय पर चिकित्सकीय परामर्श और उपचार शुरू करने में भी मदद मिलेगी।

सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य आम लोगों को उनके नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में आवश्यक जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि गंभीर बीमारियों की पहचान और इलाज में अनावश्यक विलंब न हो। सरकारी अस्पतालों में जांच के साथ चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिलने से मरीजों को ईसीजी के लिए निजी जांच केंद्रों का रुख नहीं करना पड़ेगा। विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए निशुल्क ईसीजी जांच की सुविधा राहत देने वाली है। सिविल सर्जन ने लोगों से अपील की है कि चिकित्सक द्वारा ईसीजी जांच की सलाह दिए जाने पर अपने नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में उपलब्ध सुविधा का लाभ उठाएं।




