अपहरण मामले का अप्राथमिकी अभियुक्त शोएब आजम समस्तीपुर कलेक्ट्रेट से हुआ गिरफ्तार
समस्तीपुर : अपहरण मामले के अप्राथमिकी अभियुक्त शोएब आजम को वारिसनगर थाने के दारोगा अमर कुमार ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित से मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है। बताया गया है कि 30 जुलाई को बरियारपुर वार्ड 15 निवासी नरेंद्र प्रसाद सिंह ने थाने में आवेदन देकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। आवेदन के अनुसार, 29 जुलाई की शाम समस्तीपुर से ऑटो से घर लौटने के दौरान सतमलपुर आजाद चौक स्थित खेत देखने के बाद वे टारी ठाकुरबाड़ी गए थे।
वहां से लौटने के क्रम में नागरबस्ती के पास दो बाइक पर सवार छह लोगों ने उनका पीछा कर रास्ते में वाहन रोक दिया। आरोप है कि इस दौरान मो. शोएब के पुत्र शाकिब ने उनके साथ मारपीट की, जबकि दूसरे पुत्र आकिब ने उनका हाथ मरोड़कर मोबाइल छीन लिया। इसके बाद उन्हें चिमनी के पास ले जाकर सादे कागज पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया गया। हस्ताक्षर नहीं करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शोएब आजम को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।


