समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले में हुए कई ब्लाइंड हत्याकांड मामलों में पुलिस अब तक किसी भी निष्कर्ष तक नहीं पहुंच सकी है। ताजपुर थाना क्षेत्र के गांधी चौक पर गैरेज संचालक संजीव कुमार सहनी की हत्या के साढ़े तीन महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस अब तक इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा नहीं कर सकी है। पुलिस अब तक न तो हत्या में शामिल बदमाशों तक पहुंच पाई है और न ही यह स्पष्ट कर सकी है कि आखिर किस वजह से संजीव की हत्या की गई। समय बीतने के साथ हत्याकांड की जांच भी धीमी पड़ती नजर आ रही है।
मोतीपुर गांव निवासी संजीव गांधी चौक के समीप गैरेज चलाता था। बीते 15 मई को बाइक सवार अज्ञात बदमाश उसके गैरेज पर पहुंचे और गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और बदमाशों की पहचान व हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए कई बिंदुओं पर पड़ताल की।
हत्याकांड के उद्भेदन के लिए पुलिस ने मृतक के संपर्क में रहने वाले लोगों के अलावा कई संदिग्धों से पूछताछ की। पुलिस ने मृतक की महिला मित्रों से भी पूछताछ की। इसके अलावा कई शादीशुदा महिलाओं से भी जानकारी ली गई, जिनके संपर्क में संजीव के होने की बात सामने आई थी। पुलिस ने मृतक के व्यक्तिगत संबंधों और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की गतिविधियों को भी जांच के दायरे में रखा।
बताया जाता है कि पुलिस की पूछताछ का दायरा दर्जनों लोगों तक पहुंचा, लेकिन अब तक ऐसी कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आ सकी, जिससे हत्या में शामिल बदमाशों या हत्या के वास्तविक कारण तक पहुंचा जा सके। पुलिस के अनुसार, मृतक का संपर्क कुछ ऐसे लोगों से भी था, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध बताई जाती थीं। इसी आधार पर पुलिस ने उसके संपर्कों, पुराने विवादों और व्यक्तिगत रिश्तों की भी पड़ताल की। हालांकि, इन तमाम बिंदुओं पर जांच के बावजूद पुलिस किसी ठोस निष्कर्ष तक नहीं पहुंच सकी है। हत्याकांड के उद्भेदन में मृतक का मोबाइल फोन अहम कड़ी साबित हो सकता है। पुलिस ने मोबाइल को जांच के लिए अपने कब्जे में लिया है, लेकिन बताया जा रहा है कि मोबाइल में लॉक लगा होने के कारण उसके अंदर मौजूद जानकारी तक पुलिस अब तक नहीं पहुंच सकी है।
घटना के बाद जिस तेजी से पुलिस ने जांच शुरू की थी, उसमें अब कमी दिखाई दे रही है। शुरुआती दौर में कई लोगों से पूछताछ और विभिन्न बिंदुओं पर जांच के बाद भी कोई ठोस सफलता नहीं मिलने से मामला धीरे-धीरे ठंडे बस्ते में जाता दिख रहा है। परिजनों को अब भी इस बात का इंतजार है कि पुलिस हत्याकांड का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार करेगी और हत्या की वजह सामने आएगी।
गैरेज संचालक संजीव हत्याकांड के अलावा जिले में ऐसे कई अन्य हत्याकांड भी हैं, जिनमें पुलिस अब तक किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है। इन मामलों में भी आरोपितों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। ऐसे मामलों में समय बीतने के साथ साक्ष्यों और सुरागों के कमजोर होने की आशंका भी बनी रहती है।
—————————————————
केस -1
शिक्षक की सरेआम गोली मारकर हत्या :
पटोरी प्रखंड के मध्य विद्यालय जोरपुरा में कार्यरत शिक्षक चितरंजन कुमार को बाइक सवार बदमाशों ने 5 नवंबर 2024 को गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना हलई थाना क्षेत्र के दरबा चौर में नून नदी बांध के पास हुई थी। घटना तब हुई जब शाम 5 बजे शिक्षक स्कूल में छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे। लेकिन पुलिस अभी तक इस मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। धीरे-धीरे ही सही हर पहलू पर जांच हो चुकी है लेकिन कोई ऐसा ठोस सबूत नहीं मिला, जिससे शिक्षक हत्याकांड का खुलासा हो सके।
———–
केस-2
अज्ञात महिला के शव की अब तक पहचान नहीं :
अंगारघाट थाना क्षेत्र के चैता उत्तरी पंचायत के दशरजा चौर में गेहूं के खेत में 31 मार्च 2025 की सुबह एक महिला का अर्धनग्न अवस्था में शव मिलने की सूचना पर इलाके में सनसनी फैल गयी थी। घटना को करीब डेढ़ वर्ष बीतने को है, बावजूद पुलिस हत्यारे को ढूंढना तो दूर अब तक मृत महिला की शिनाख्त तक नहीं कर सकी है।
———
केस-3
बाइक सवार की हत्या मामले में कोई सुराग नहीं :
1 अगस्त 2025 को घटहो थाना क्षेत्र के अरमौली के समीप घटहो- सरायरंजन मुख्य मार्ग पर बाइक से तेज बारिश के बीच जा रहे मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के हरपुर बोचहा गांव निवासी रामप्रवेश पटेल के पुत्र शिवम कुमार (25) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के आज एक वर्ष पूरे होने पर भी इस मामले में पुलिस को अब तक कुछ खास सफलता नहीं मिली है। घटना की जांच को ले पुलिस अंधेरे में ही तीर चला रही है।
समस्तीपुर : आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर…
समस्तीपुर : युवाओं और विद्यार्थियों के लिए समस्तीपुर कॉलेज परिसर में 2 और 3 सितंबर…
समस्तीपुर : शहर के कुछ होटल, लॉज और कथित रूप से कुछ स्पा-मसाज सेंटरों में…
फाइल फोटो समस्तीपुर : नगर थाना क्षेत्र के एसबीआई मुख्य शाखा से 49 हजार रुपये…
समस्तीपुर : नगर थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए…
समस्तीपुर : जिले में पेयजल, स्वच्छता एवं स्वच्छता व्यवहार (WASH) से जुड़ी सेवाओं को अधिक…