समस्तीपुर में तांत्रिक बनकर उच्चकों ने महिला को झांसे में लिया, मंत्रजाप के दौरान मंगलसूत्र और कान की बाली लेकर हुआ फरार

समस्तीपुर : शहर के गणेश चौक पर गुरुवार को बाइक सवार दो शातिर उच्चकों ने खुद को तांत्रिक बताकर एक महिला को झांसे में लिया और उसके सोने का मंगलसूत्र व कान की बाली लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित महिला ने नगर थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी है।
महिला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जितवारपुर डीह की रहने वाली बतायी गयी है। वह सीडब्ल्यूसी में कार्यरत है। बताया गया है कि गुरुवार को महिला बाजार की ओर जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उसके पीछे पहुंचे और खुद को तांत्रिक बताते हुए बातचीत शुरू की।


दोनों ने महिला को बताया कि उसके घर में लगातार परेशानियां चल रही हैं और उसके बच्चे के बार-बार दुर्घटना का शिकार होने का कारण उस पर शनि का दोष होना है। दोनों युवकों की बातों में आकर महिला ने उन पर भरोसा कर लिया। इसके बाद दोनों उच्चकों ने महिला से कुछ मंत्रों का जाप करने को कहा। साथ ही उसे सलाह दी कि वह सोने के आभूषण पहनकर न रखे।

उनकी बातों में आकर महिला ने अपना मंगलसूत्र और कान की बाली खोलकर झोले में रख लिया। इसके बाद उच्चकों ने उसे हाथ जोड़कर मंत्र जाप करने और आर्य समाज रोड स्थित शनिदेव मंदिर जाकर पूजा करने के लिए कहा। महिला जब मंत्र जाप के लिए जाने लगी तो दोनों युवकों ने उसका झोला अपने पास रखने की बात कही। महिला उनके झांसे में आकर झोला दोनों युवकों को सौंपकर मंदिर चली गयी। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटी तो दोनों युवक उसके सोने के आभूषण और झोला लेकर वहां से फरार हो चुके थे।

घटना की जानकारी होने के बाद महिला ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को नगर थाने लेकर गयी, जहां उसने घटना की लिखित शिकायत दर्ज करायी। नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।


