श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज सरायरंजन में कैंसर पीड़ित मरीज को रेफर करने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप
समस्तीपुर/सरायरंजन : समस्तीपुर जिले के सरायरंजन प्रखंड अंतर्गत नरघोघी गांव स्थित श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मरीज को रेफर करने को लेकर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में खानपुर प्रखंड क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर टेंढा निवासी रामज्ञान राय ने अस्पताल अधीक्षक को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनके कैंसर पीड़ित मरीज आदर्श कुमार के पुत्र आर्यन कुमार को उच्च संस्थान में रेफर करने के नाम पर डाटा ऑपरेटर सचिन कुमार द्वारा दो हजार नजाराने की मांग की गई। पीड़ित पक्ष का कहना है कि रुपये देने से इनकार करने पर उन्हें बार-बार अस्पताल के चक्कर लगवाने की धमकी दी जा रही है।
इस संबंध में परिजन ने अधीक्षक से मरीज को अविलंब रेफर करने तथा दोषी कर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। इस मामले में पूछे जाने पर अस्पताल अधीक्षक डॉ. प्रोफेसर पूनम कुमारी ने बताया कि यह शिकायत उनके संज्ञान में आई है और इसकी जांच के लिए एक जांच कमेटी का गठन कर दिया गया है। आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।


