Samastipur

समस्तीपुर : बूढ़ी गंडक नदी में छलांग लगाने वाले सहायक प्रोफेसर का शव 24 घंटे बाद बरामद; मार्च में शादी, अप्रैल में लगी थी जॉब, पत्नी बोली- पता नहीं ऐसा क्यों किया

समस्तीपुर : बूढ़ी गंडक नदी में पुल से छलांग लगाने वाले सहायक प्रोफेसर नवीन कुमार का शव करीब 24 घंटे बाद शुक्रवार दोपहर बरामद कर लिया गया। एसडीआरएफ की टीम ने लगातार खोजबीन के बाद बहादुरपुर से नदी से शव को बाहर निकाला। घटना के बाद से ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम नदी में उनकी तलाश कर रही थी। मृतक की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के केलुहारा वार्ड संख्या-8 निवासी 29 वर्षीय नवीन कुमार के रूप में हुई है। नवीन कुमार की नियुक्ति इसी वर्ष अप्रैल में सीतामढ़ी के राजकीय प्लस टू डिग्री कॉलेज, परसौनी में सहायक प्रोफेसर के पद पर हुई थी। नौकरी मिलने के बाद वह अपनी पत्नी के साथ सीतामढ़ी में रह रहे थे।

परिजनों के अनुसार, रक्षाबंधन के अवसर पर गुरुवार को नवीन कुमार अपनी पत्नी के साथ कामाख्या एक्सप्रेस से सीतामढ़ी से समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। ट्रेन से उतरने के बाद दोनों पति-पत्नी घर जाने के लिए गंडक नदी पुल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पुल पर पहुंचते ही नवीन कुमार ने अचानक गंडक नदी में छलांग लगा दी। नवीन को नदी में छलांग लगाते देख उनकी पत्नी ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद मथुरापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी नवीन के परिजनों को दी गई। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर नदी में खोज अभियान शुरू कराया गया।

तेज बहाव के कारण खोज अभियान में आई परेशानी

गंडक नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण एसडीआरएफ की टीम को शव की तलाश में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। करीब 24 घंटे तक लगातार खोजबीन के बाद शुक्रवार दोपहर लगभग 12 बजे बहादुरपुर इलाके के पास नदी से नवीन कुमार का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

पत्नी ने कहा- झगड़े जैसी कोई बात नहीं थी

पुलिस की पूछताछ में नवीन की पत्नी ने बताया कि उन्हें इस घटना के कारण की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि पति-पत्नी के बीच किसी तरह के झगड़े जैसी कोई बात नहीं थी। अचानक नवीन ने नदी में छलांग लगा दी। नवीन के पिता उमेश महतो ने बताया कि उनका बेटा इकलौता था। इसी वर्ष मार्च में उसकी शादी हुई थी और शादी के करीब एक महीने बाद ही उसे सहायक प्रोफेसर की नौकरी मिली थी। नौकरी और शादी के बाद परिवार में खुशियों का माहौल था। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

मथुरापुर थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि गंडक नदी से एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। नवीन कुमार की मौत के बाद उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कुछ ही महीने पहले शादी और नौकरी के बाद परिवार में खुशियां आई थीं, लेकिन अचानक हुई इस घटना से खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस फिलहाल घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Avinash Roy

Recent Posts

समस्तीपुर समेत उत्तर बिहार के जिलों में अगले चार दिनों तक बारिश की संभावना

समस्तीपुर/पूसा : समस्तीपुर समेत उतर बिहार के जिलों में अगले चार दिनों मेंं हल्के से…

7 मिनट ago

चौकीदार को धक्का देकर कल्याणपुर थाना परिसर से फरार हुआ चोरी का संदिग्ध आरोपी, शौचालय जाने की बात कहकर भागा

समस्तीपुर/कल्याणपुर : समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर टारा गांव में सेवानिवृत्त शिक्षक…

11 घंटे ago

समस्तीपुर : ट्रक तलाशी के दौरान पुलिस से मारपीट, ASI समेत कई पुलिसकर्मी चोटिल, वर्दी से नेम बैज उखाड़ने और बंधक बनाने का आरोप, तीन गिरफ्तार 

समस्तीपुर/उजियारपुर : समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र के नाजिरपुर पंचायत स्थित नाजिरपुर हाट के…

11 घंटे ago

गरीब रथ एक्सप्रेस में महिला यात्री की अचानक मौ’त, समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर उतारा गया शव

समस्तीपुर : समस्तीपुर जंक्शन पर शुक्रवार की दोपहर जयनगर से आनंद विहार जा रही गरीब…

12 घंटे ago

रक्षाबंधन पर समस्तीपुर मंडल कारा में भावुक हुआ माहौल, बहनों ने बंदी भाइयों की कलाई पर बांधी राखी

समस्तीपुर : भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को समस्तीपुर मंडल…

12 घंटे ago

बिहार में अब मार्कशीट पर नहीं लिखा जाएगा ‘फेल’, कम नंबर आए तो मिलेगा नया नाम, शिक्षा मंत्री का फैसला

बिहार में मैट्रिक और इंटर की मार्कशीट पर अब 'फेल' शब्द नहीं लिखा जाएगा. इसकी…

17 घंटे ago