पीएम आवास योजना के लाभुकों को सौंपी गई नए घर की चाबी, कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम का हुआ लाइव प्रसारण

समस्तीपुर: प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के मंत्री शिवराज सिंह चौहान और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और योजना के लाभुक शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने, आवास की स्वीकृति, निर्माण कार्य और किस्तों के भुगतान समेत योजना के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जानकारी दी गई। इस दौरान योजना के तहत आवास पूर्ण कर चुके लाभुकों को सांकेतिक रूप से नवनिर्मित घर की चाबी भी सौंपी गई। चाबी मिलने पर लाभुकों में खुशी देखी गई। उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।


मौके पर विधान पार्षद डॉ. तरुण कुमार चौधरी, समस्तीपुर की विधायक अश्वमेघ देवी, डीएम रोशन कुशवाहा, डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह, डीआरडीए के निदेशक आशुतोष आनंद समेत संबंधित पदाधिकारी और लाभुक मौजूद रहे। डीएम रोशन कुशवाहा ने अधिकारियों को योजना का पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने पात्र लाभुकों को समय पर योजना का लाभ देने और आवास निर्माण की नियमित निगरानी पर जोर दिया।

डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह ने भी लाभुकों के साथ समन्वय स्थापित कर आवास निर्माण जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने लाभुकों से योजना की राशि का निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप उपयोग कर आवास निर्माण शीघ्र पूरा करने की अपील की।



