समस्तीपुर में मृतक ‘छोटू’ के घर पहुंचे सांसद पप्पू यादव, सरकार से 50 लाख मुआवजा देने की मांग

समस्तीपुर/विद्यापतिनगर [पद्माकर सिंह लाला] : जन अधिकार पार्टी के सुप्रीमो सह पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव मंगलवार को बहुचर्चित ‘छोटू’ हत्याकांड को लेकर मंगलवार को बंगराहा गांव पहुंचे। उन्होंने अपहरण के बाद निर्मम हत्या के शिकार हुए 14 वर्षीय छात्र इशांत कुमार उर्फ छोटू के घर पहुंचकर शोकाकुल स्वजनों से मुलाकात की और न्याय की लड़ाई में हरसंभव साथ देने का भरोसा दिया। सांसद श्री यादव के बंगराहा गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी वहां जुट गए। उन्होंने मृतक छोटू के पिता रामप्रीत राय का हाथ पकड़कर उन्हें ढांढस बंधाया।
इसके बाद माता अभिलाषा देवी, बड़े भाई प्रशांत कुमार और बहन किरण कुमारी से अलग-अलग बात कर पूरे घटनाक्रम की पूरी जानकारी ली। बेटे को याद कर बिलख रही मां और गम में डूबे परिवार को देखकर सांसद भी भावुक नजर आए। करीब आधे घंटे तक उन्होंने स्वजनों के बीच बैठकर घटना के हर पहलू को सुना। मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में पप्पू यादव ने राज्य सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवार को तत्काल 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए।


उन्होंने कहा कि छोटू की हत्या केवल एक मासूम की हत्या नहीं, बल्कि समाज के विश्वास और कानून-व्यवस्था पर भी गहरा आघात है। राज्य सरकार को इस मामले में पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल सभी आरोपितों की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और स्पीडी ट्रायल के जरिए दोषियों को कठोरतम सजा दिलाई जाए। जब तक अपराधियों को त्वरित और सख्त दंड नहीं मिलेगा, तब तक समाज में भय और कानून का सम्मान स्थापित नहीं हो सकेगा।

सांसद ने कहा, “मैं छोटू को न्याय दिलाने की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक लड़ूंगा। अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे कानून के सामने झुकना ही होगा। किसी भी दोषी को बचने नहीं दिया जाएगा। मैं किसी सरकार या सत्ता के दबाव से डरने वाला नहीं हूं। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना मेरी प्राथमिकता है।”
उल्लेखनीय है कि गत 10 जून की शाम गांव के कुछ लोगों द्वारा बुलाए जाने के बाद दसवीं का छात्र इशांत कुमार उर्फ छोटू रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था। पिता रामप्रीत राय की शिकायत पर विद्यापतिनगर थाना में अपहरण का मामला दर्ज कराया गया था, जिसमें पांच लोगों को नामजद किया गया। बाद में आत्मसमर्पण कर चुके आरोपित नंद कुमार सिंह उर्फ आनंदी सिंह की निशानदेही पर पुलिस ने 8 जुलाई की मध्य रात्रि घर से करीब 3 किलोमीटर दूर लखनपुर कलना चौर स्थित एक खेत में करीब 12 फीट गहरी खुदाई कर छोटू का शव बरामद किया था।
पप्पू यादव ने SP को लगाया फोन, देखें वीडियों :
समस्तीपुर में मृतक 'छोटू' के घर पहुंचे सांसद पप्पू यादव, SP को लगाया फोन; जमीन के 10 फीट नीचे मिली थी किशोर की लाश#Vidhyapatinagar #Samastipur pic.twitter.com/oc6KIjxiCr
— Samastipur Town (@samastipurtown) July 14, 2026

इस सनसनीखेज वारदात के बाद बंगराहा सहित पूरे विद्यापतिनगर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीण लगातार सभी आरोपितों की गिरफ्तारी, स्पीडी ट्रायल और कठोर सजा की मांग कर रहे हैं। सांसद पप्पू यादव के दौरे के बाद एक बार फिर यह मामला राजनीतिक और सामाजिक चर्चा के केंद्र में आ गया है। पीड़ित परिवार की निगाहें अब पुलिस की अगली कार्रवाई और न्यायिक प्रक्रिया पर टिकी हैं।



