समस्तीपुर : कस्तूरबा विद्यालयों में नामांकन व उपस्थिति पर सख्ती, नौ स्कूलों के वार्डेन-प्रधानाध्यापकों को नोटिस

समस्तीपुर : कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में छात्राओं के नामांकन और नियमित उपस्थिति को लेकर बिहार शिक्षा परियोजना, समस्तीपुर ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को जिला शिक्षा परियोजना कार्यालय में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान) शुभम कसौधन की अध्यक्षता में जिले के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के वार्डेन एवं प्रभारी वार्डेन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयवार नामांकन, छात्राओं की उपस्थिति और विभागीय निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए कई आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि 13 जुलाई को जारी निर्देशों तथा 24 जुलाई तक हुई दैनिक समीक्षा के बावजूद अधिकांश विद्यालयों में नामांकन और उपस्थिति बढ़ाने के लिए अपेक्षित प्रयास नहीं किए गए। इस पर नाराजगी जताते हुए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने कहा कि लगातार समीक्षा बैठकों और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से स्पष्ट निर्देश दिए जाने के बाद भी कई विद्यालयों में लापरवाही बरती गई है, जिसे गंभीर अनुशासनहीनता माना जाएगा।


इसी के मद्देनजर जिले के नौ कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के प्रधानाध्यापक -सह-संचालक एवं वार्डेन/प्रभारी वार्डेन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। जिसमें चेतावनी दी गई है कि यदि एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत नामांकन और छात्राओं की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित नहीं की गई तो संबंधित अधिकारियों का वेतन स्थगित करने की कार्रवाई होगी। जिन विद्यालयों को नोटिस जारी किया गया है उनमें रोसड़ा-1, सरायरंजन-1, सिंघिया-1, दलसिंहसराय-1, वारिसनगर-3, विद्यापतिनगर-3, उजियारपुर-3 और पूसा-4 स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय शामिल हैं। बैठक में सभी वार्डेन को निर्देश दिया।





