DElEd की परीक्षा में चोरी करते पकड़े गए तीन परीक्षार्थी हुए निष्कासित, केंद्राधीक्षक ने नगर थाने को सौंपा
समस्तीपुर : शहर के काशीपुर स्थित +2 तिरहुत एकेडमी में डीएलएड (DElEd) फेस-टू-फेस सत्र 2024-26 की परीक्षा के दौरान सोमवार को तीन परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़े गए। इसके बाद केंद्राधीक्षक अशोक कुमार साह ने तीनों को परीक्षा से निष्कासित कर नगर थाने को सौंप दिया तथा उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया। जानकारी के अनुसार, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के निर्देश पर तिरहुत एकेडमी परीक्षा केंद्र पर डीएलएड (फेस-टू-फेस) सत्र 2024-26 की परीक्षा आयोजित की गई है। सोमवार को परीक्षा के दौरान निरीक्षण के क्रम में वरीय उपसमाहर्ता अंजली कुमारी ने तीन परीक्षार्थियों को नकल करते हुए पकड़ा। इसके बाद केंद्राधीक्षक ने तीनों को तत्काल परीक्षा से निष्कासित कर दिया।
निष्कासित परीक्षार्थियों में नेहा कुमारी, मो. सरफराज अहमद तथा सोनम कुमारी शामिल हैं। इस संबंध में तिरहुत एकेडमी के केंद्राधीक्षक अशोक कुमार साह ने नगर थाना अध्यक्ष को आवेदन देकर तीनों परीक्षार्थियों को पुलिस के सुपुर्द करते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि केंद्राधीक्षक के आवेदन पर तीन परीक्षार्थी को कस्टडी में लेकर एसडीओ कोर्ट भेजा गया है, जहां तीनों को दो-दो हजार जुर्माने की राशि जमा करने के बाद छोड़ दिया गया है। विभाग ने तीनों परीक्षार्थी को परीक्षा से निष्कासित कर दिया है।


