65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता; समस्तीपुर और दरभंगा को वॉकओवर से अगले दौर में मिली जगह

समस्तीपुर : खेल विभाग बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना एवं जिला प्रशासन समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में शहर के रेल परिसर स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, पूर्व मध्य रेलवे, समस्तीपुर के खेल मैदान में आयोजित 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता (बालिका अंडर-17) के दूसरे दिन शनिवार को कई एकतरफा मुकाबले देखने को मिले। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और रोमांचक खेल ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन के मुकाबलों का शुभारंभ जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से अनुशासन, समर्पण और खेल भावना के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया।
पहले मुकाबले में पश्चिम चंपारण (बेतिया) की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए बेगूसराय को 9-0 से करारी शिकस्त दी और अगले दौर में प्रवेश कर लिया। बेतिया की ओर से बिंदिया कुमारी ने शानदार खेल दिखाते हुए चार गोल दागे। वहीं रितिका ने दो गोल किए, जबकि प्रीति, अन्नू और गीता ने एक-एक गोल कर टीम की जीत को यादगार बना दिया।

दूसरे मुकाबले में कैमूर की टीम ने जमुई को 9-0 के बड़े अंतर से हराकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। कैमूर की ओर से सुनैना कुमारी ने पांच गोल कर शानदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा नेहा, उजाला, छोटी और अंतिमा ने एक-एक गोल कर टीम की बड़ी जीत सुनिश्चित की। दूसरे दिन के अन्य मुकाबलों में पूर्णिया की टीम के अनुपस्थित रहने के कारण दरभंगा को तथा भागलपुर की टीम के मैदान पर नहीं पहुंचने से मेजबान समस्तीपुर को वॉकओवर के आधार पर अगले चरण में प्रवेश मिल गया। दिन के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के रूप में बेतिया की बिंदिया कुमारी और कैमूर की सुनैना कुमारी को ‘बेस्ट ऑफ ट्वेंटी-टू’ पुरस्कार प्रदान किया गया।

मुकाबलों का संचालन निर्णायक रजनीश कुमार (पूर्णिया), रोहित कुमार (सीतामढ़ी), समीर संजय (पश्चिम चंपारण) एवं मोना वर्मा (मुंगेर) ने किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा के नेतृत्व में खेल विभाग की पूरी टीम सक्रिय रही। आयोजन को सफल बनाने में वरुण कुमार सिंह, विनय कुमार विनय, पूजा कुमारी, सुभीत कुमार बिट्टू, रजनीश कुमार पांडे, राहुल कुमार, विग्नेश कुमार, कुमारी वंदना, वैजयंती प्रिया, निकिता भारती, निखिल कुमार, मदन भगत, राजीव तिवारी, संजीव कुमार और अमित कुमार सहित जिले के सहायक एवं शारीरिक शिक्षा शिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



