समस्तीपुर : शहर और उसके आसपास के इलाकों में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। चोर बेखौफ होकर बंद घरों, रिहायशी मोहल्लों, बाजार क्षेत्रों और अन्य इलाकों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। आए दिन कहीं नगदी और जेवरात की चोरी हो रही है तो कहीं दुकान और मकानों का ताला तोड़कर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ किया जा रहा है। लगातार हो रही घटनाओं से आम लोगों में दहशत का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस करने लगे हैं।
स्थिति यह है कि अधिकांश मामलों में पुलिस अब तक किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है। चोरी की घटनाओं में प्राथमिकी दर्ज होने और जांच शुरू होने के बावजूद अधिकतर मामलों में पुलिस के हाथ खाली हैं। केवल एक-दो मामलों का ही खुलासा हो सका है, जबकि कई मामलों में अब तक न तो चोरों की पहचान हो सकी है और न ही चोरी गया सामान बरामद किया जा सका है। शहर के विभिन्न मोहल्लों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
खासकर वे परिवार जो किसी कारणवश घर बंद कर बाहर जाते हैं, उनके मन में हर समय चोरी की आशंका बनी रहती है। रेलवे कॉलोनियों में भी कई बार बंद क्वार्टरों को निशाना बनाया गया है। वहीं बाजार क्षेत्रों में भी रात के समय दुकानें तोड़कर चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं। नगर थाने की पुलिस ने 11 जुलाई को कार्रवाई करते हुए चार चोरों को चोरी की दो साइकिल और सोने का एक चकती समेत अन्य सामान के साथ गिरफ्तार किया था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही वारदातों के बावजूद अपराधियों में पुलिस का भय नजर नहीं आता। लोगों का आरोप है कि चोरी की घटनाओं के बाद प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस औपचारिक जांच तो करती है, लेकिन अधिकांश मामलों में न तो कोई ठोस सुराग मिल पाता है और न ही अपराधियों की गिरफ्तारी हो पाती है। इससे पीड़ित परिवारों में निराशा है। स्थानीय अभिषेक गुप्ता का कहना है कि शहर में रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाने, संवेदनशील इलाकों में पुलिस की नियमित निगरानी बढ़ाने तथा सीसीटीवी कैमरों के नेटवर्क को मजबूत करने की जरूरत है। उनका मानना है कि चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई होने से ही आमजन का पुलिस पर भरोसा मजबूत होगा और अपराधियों में कानून का भय पैदा होगा। लगातार बढ़ती चोरी की घटनाएं पुलिस के लिए भी बड़ी चुनौती बन गई हैं।
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर वार्ड-39 में सूखे नशे के…
समस्तीपुर : मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के मुसरीघरारी-समस्तीपुर मुख्य मार्ग पर हरपुर एलौथ गांव के पास…
समस्तीपुर/सरायरंजन : आगामी 18 सितंबर से श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज नरघोघी में शुरू होने वाली…
समस्तीपुर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के आदर्शनगर मोहल्ला में ग्रेजुएशन पार्ट-2 की छात्रा रौशनी कुमारी…
समस्तीपुर/बिथान : स्थानीय बिथान बाजार स्थित पंच शक्ति मशीनरीज मोटरसाइकिल पार्ट्स दुकान पर हुई फायरिंग…
समस्तीपुर/पूसा : तीन लाख की रंगदारी मांगने के आरोप में वैनी थाना पुलिस ने दो…