समस्तीपुर-वैशाली बॉर्डर पर सनसनी: कीटनाशक व्यवसायी को अपराधियों ने गोलियों से भूना, हालत गंभीर

समस्तीपुर और वैशाली जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक कीटनाशक व्यवसायी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी। घटना वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बहुआरा गांव की है।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, समस्तीपुर जिले के बांगड़ा थाना क्षेत्र के शादीपुर निवासी जितेंद्र कुमार सिंह उर्फ आदित्य कुमार अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे और उन पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दी।

गोली लगने के बावजूद आदित्य कुमार ने हिम्मत नहीं हारी और अपनी बाइक से अपराधियों का पीछा करने का प्रयास किया। हालांकि गंभीर रूप से घायल होने के कारण वह करीब एक किलोमीटर दूर एक पान दुकान के पास रुक गए।

घटना की सूचना मिलते ही बांगड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यवसायी को इलाज के लिए समस्तीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अपराधियों की पहचान नहीं हो सकी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।


