समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

SamastipurNEWS

समर कैंप महोत्सव का हर्षोल्लास के साथ समापन, बच्चों ने लिया रोमांच और सीख का अनूठा अनुभव

समस्तीपुर : शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान होली मिशन हाई स्कूल, मोहनपुर में आयोजित छह दिवसीय समर कैंप का शनिवार को उत्साह, उमंग और रंगारंग कार्यक्रमों के बीच भव्य समापन हो गया। कैंप में विद्यालय की काशीपुर, सतमलपुर, मोहनपुर एवं दलसिंहसराय शाखा के प्रेप से कक्षा 11 तक के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर विभिन्न गतिविधियों में अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया।

समर कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं रचनात्मक विकास के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सकारात्मक जीवनशैली का विकास करना था। छह दिनों तक चले इस आयोजन में बच्चों ने रोमांचक खेलों, शैक्षणिक गतिविधियों और मनोरंजक कार्यक्रमों का भरपूर आनंद लिया।

कैंप के दौरान विद्यार्थियों को बर्मा ब्रिज, कमांडो नेट, नेट टनल, रोप क्लाइंबिंग, रोप लैडर, जिप लाइन, वॉल क्लाइंबिंग, टायर वॉल, डबल रोप ब्रिज, मोगली वॉक, टार्जन स्विंग, तीरंदाजी, जॉर्ब बॉल, लेजर बीम, हिप्पी रेस, ट्रैम्पोलिन, हैमस्टर व्हील, एबैकस, फायरलेस कुकिंग, फन विद साइंस, आर्ट एंड क्राफ्ट, डांस, जुम्बा, रेन डांस तथा वाटर प्लांट शॉवर जैसी अनेक गतिविधियों का प्रशिक्षण विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा दिया गया।

HOLY MISSION High School 20x10 1

समर कैंप के दूसरे दिन कक्षा 3 से 11 तक के विद्यार्थियों को वातानुकूलित बसों से पटना ले जाकर बिहार म्यूजियम, संजय गांधी जैविक उद्यान (चिड़ियाघर), तारामंडल और साइंस सिटी का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान बच्चों को विज्ञान, इतिहास और प्रकृति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। वहीं पांचवें दिन सभी प्रतिभागियों को तेघड़ा स्थित वाटर पार्क ले जाया गया, जहां बच्चों ने जलक्रीड़ा, संगीत और मनोरंजन का भरपूर आनंद उठाया।

विद्यालय प्रबंधन की ओर से पूरे कैंप के दौरान बच्चों के लिए नाश्ता, भोजन और शीतल पेय पदार्थों की समुचित व्यवस्था की गई। पटना और तेघड़ा भ्रमण के दौरान भी विद्यार्थियों को समय पर भोजन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। समर कैंप का उद्घाटन 1 जून को विद्यालय के प्राचार्य अमृत रंजन ने नाइट्रोजन बैलून आकाश में छोड़कर किया था। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में स्वास्थ्य जागरूकता, रचनात्मक सोच, नैतिक मूल्यों, अनुशासन और पर्यावरण चेतना के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। होली मिशन हाई स्कूल, दलसिंहसराय के प्राचार्य जी.एन. झा ने कहा कि समर कैंप विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक और भावनात्मक विकास का भी प्रभावी माध्यम है, जिससे उनकी पढ़ाई के प्रति रुचि और बढ़ती है।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रबंध निदेशक धर्मांश रंजन (अंकुर) ने कहा कि समर कैंप बच्चों को कक्षा-कक्ष की नियमित पढ़ाई से इतर सीखने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के अंत में उपनिदेशक आकर्ष रंजन ने सभी शाखाओं के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं सहयोगी कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता में उनके योगदान की सराहना की। छह दिनों तक चला यह समर कैंप विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, रोमांच, मनोरंजन और व्यक्तित्व विकास का यादगार संगम साबित हुआ तथा बच्चों के चेहरों पर नई ऊर्जा और आत्मविश्वास की चमक छोड़ गया।

ProductMarketingAdMaker 14102019 082310

20201015 075150