मोबाइल पर बुलाए जाने के बाद युवक लापता, परिजनों ने जताई अपहरण की आशंका
समस्तीपुर/विद्यापतिनगर : विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के बंगराहा पंचायत से एक युवक मोबाइल पर बुलाए जाने के बाद लापता हो गया है। परिजनों ने उसके अपहरण की आशंका जताते हुए विद्यापतिनगर थाने में चार युवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। ईशांत के पिता रामप्रीत कुमार राय ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनका पुत्र ईशांत कुमार 10 जून की शाम एक मित्र के बुलावे पर घर से निकला था। आरोप है कि उसे मोबाइल फोन पर बुलाया गया था, जिसके बाद वह कुछ युवकों के साथ चला गया।
देर रात तक ईशांत के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। विभिन्न लोगों से पूछताछ और मोबाइल पर संपर्क करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। रामप्रीत राय ने आरोप लगाया है कि जिन युवकों के साथ ईशांत को अंतिम बार देखा गया था, उनके बयान विरोधाभासी हैं, जिससे मामले में संदेह बढ़ गया है। आवेदन में चार युवकों के नाम का उल्लेख करते हुए उनके विरुद्ध जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है।

