विद्यापतिनगर में दुकान खाली कराने के विवाद में दो पक्षों के बीच तनाव, पथराव व हवाई फायरिंग के बाद समस्तीपुर पुलिस ने संभाला मोर्चा

समस्तीपुर/विद्यापतिनगर : विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के मऊ बाजार में शुक्रवार देर संध्या दुकान खाली कराने के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच अचानक तनाव उत्पन्न हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर पथराव होने लगा। घटना से बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई तथा आसपास के दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। जानकारी के अनुसार, दुकानदार प्रभात साह और संबंधित जमीन के कथित क्रेता गोविंद कुमार साह के बीच दुकान खाली कराने को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था।
शुक्रवार को इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते उग्र रूप धारण कर गई। स्थानीय लोगों के अनुसार विवाद के दौरान दोनों ओर से पथराव हुआ, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तनाव के बीच एक पक्ष की ओर से करीब पांच राउंड हवाई फायरिंग भी की गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। हालांकि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

घटना की जानकारी मिलते ही विद्यापतिनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के लोग वहां से हट गए। इसके बाद बाजार क्षेत्र में शांति बहाल कराई गई। थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि दुकान एवं जमीन संबंधी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव और पथराव की सूचना मिली थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हवाई फायरिंग की सूचना भी प्राप्त हुई है, जिसकी सत्यता की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस क्षेत्र में लगातार नजर बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
यहां देखें वीडियों :
दुकान खाली कराने के विवाद में दो पक्षों के बीच तनाव, पथराव व हवाई फायरिंग; विद्यापतिनगर के मऊ बाजार में देर शाम हुई घटना, पुलिस ने संभाला मोर्चा#Samastipur #Vidyapatinagar pic.twitter.com/WSNjZFdunc
— Samastipur Town (@samastipurtown) June 5, 2026




