खबर भी – असर भी : वर्षों से लंबित 41 कांडों का प्रभार देने समस्तीपुर पहुंचे दारोगा, DIG ने दिया था कारवाई का निर्देश, चार्ज हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू

समस्तीपुर : मुफस्सिल थाना में दर्ज 41 गंभीर आपराधिक कांडों का प्रभार वर्षों तक नहीं सौंपने के मामले में Samastipur Town Media में प्रकाशित खबर का असर दिखा। मिथिला प्रक्षेत्र के डीआईजी मनोज कुमार तिवारी के कड़े निर्देश के बाद आरोपी दारोगा संजय कुमार मंडल बुधवार को पूर्णिया से समस्तीपुर पहुंचे, जिसके बाद मुफस्सिल थाने में लंबित कांडों का प्रभार सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। बताया गया है कि संजय कुमार मंडल के जिम्मे हत्या, लूट समेत अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े कुल 41 कांड लंबित थे।
मुफस्सिल थाना से ट्रांसफर के बाद भी उन्होंने इन कांडों का प्रभार किसी अन्य अनुसंधानकर्ता को नहीं सौंपा था, जिससे कई मामलों की जांच प्रभावित हो रही थी। इस संबंध में तत्कालीन एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर करीब दो वर्ष पूर्व उनके विरुद्ध मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी भी दर्ज की गई थी। हाल ही में मिथिला प्रक्षेत्र के डीआईजी मनोज कुमार तिवारी ने मामले पर नाराजगी जताते हुए मुफस्सिल थानाध्यक्ष को स्पष्ट निर्देश दिया था कि अविलंब सभी लंबित कांडों का प्रभार दिलाया जाए, अन्यथा संबंधित दारोगा के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। डीआईजी के निर्देश के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई थी।

इसके बाद कार्रवाई की संभावना को देखते हुए दारोगा संजय कुमार मंडल बुधवार को समस्तीपुर पहुंचे और मुफस्सिल थाना में कांडों के प्रभार हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों की निगरानी में संबंधित केस डायरी एवं अभिलेखों का मिलान कर चार्ज सौंपा जा रहा है। इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह का कहना है कि प्रभार हस्तांतरण पूरा होने के बाद लंबित मामलों की जांच में तेजी आएगी तथा आरोपियों की गिरफ्तारी एवं अनुसंधान कार्य सुचारू रूप से आगे बढ़ सकेगा।




