1 जुलाई से समस्तीपुर शहर की सड़कों पर ट्रैफिक व्यवस्था संभालने उतरेंगे 11 वॉलंटियर्स
समस्तीपुर : नगर निगम के वोलेंटियर्स 1 जुलाई से शहर में भीड़भाड़ वाली मुख्य सड़कों पर यातायात व्यवस्था को संभालेंगे। ये 11 नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले वर्दी, बेल्ट, टोपी, जूते-मोजे, डंडे, फोटोयुक्त आईकार्ड आदि सुविधाओं से लैश दिखेंगे। इसकी तैयारी पूरी हो चुकी है। मेयर अनिता राम ने बताया कि यातायात डीएसपी ने वोलियंटर्स का चयन कर नगर निगम कार्यालय को भेजा है। नगर निगम से कुल 18 वोलेंटियर्स की सूची डीएसपी को भेजी गई थी, जिसके तहत सभी प्रक्रियाओं को पूरा करने वाले कुल 11 का चयन किया गया। बाकी का भी चयन अगले फेज में किया जाएगा। कई वोलेंटियर्स ने ट्रेनिंग शिविर में भाग नहीं लिया था, वैसे लोगों का चयन नहीं हुआ है।
मेयर ने बताया कि इन सभी को शहर की सड़कों पर उतरने से भीड़भाड़ व जाम की समस्या को दूर करने में बड़ी मदद मिलेगी। इन वोलियंटर्स को निगम से प्रति दिन भोजन के लिए 200 रुपए व नाश्ते के लिए 50 रुपए दिए जाएंगे। बता दें कि यह खर्च निगम के आंतरिक स्रोत से किए जा सकेंगे। 1 जुलाई से सड़कों पर यातायात व्यवस्था की कमान संभालने वाले वोलियंटर्स में अंजू देवी, भानु प्रताप, शम्मी कुमार, राजन कुमार, रंजन सिंह, अखिलेश कुमार, राहुल कुमार, ममता देवी, अर्जुन कुमार, अंकित कुमार, मंजू देवी के नाम शामिल हैं।

