कर्पूरीग्राम में ताश खेलने के दौरान युवक को सिर में गोली मारकर बदमाश फरार, नाजुक स्थिति में चल रहा इलाज

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम अपराधियों ने एक युवक को सिर में गोली मार दी। घटना गिट्टी मंडी के पास हुई, जहां बदमाशों ने बेहद नजदीक से युवक के सिर में गोली दाग दी। गोली लगते ही युवक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल युवक की पहचान कर्पूरीग्राम के स्व. धीरेंद्र सिंह के पुत्र सोनू सिंह (30 वर्ष) के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एक रेफर कर दिया। फिलहाल जख्मी का इलाज शहर के ही एक निजी अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा है कि उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कर्पूरीग्राम थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है। इस संबंध में सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिट्टी मंडी क्षेत्र में कुछ लोग ताश खेल रहे थे। इसी दौरान एक बदमाश ने सोनू सिंह को गोली मार दी। उन्होंने कहा कि घटना के समय वहां मौजूद सभी लोगों की पहचान की जा रही है तथा पूरे मामले की गहन छानबीन चल रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।




