सब जूनियर पावर लिफ्टिंग नेशनल चैंपियनशिप में समस्तीपुर के दिव्य ने जीता अवार्ड

समस्तीपुर/दलसिंहसराय : दलसिंहसराय के वीआईपी कॉलोनी निवासी दिव्य दीपल ने आंध्र प्रदेश के अमलापुरम में 17 मई को आयोजित 15 वीं नेशनल सब जूनियर एंड जूनियर क्लासिक पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के बल पर अवार्ड जीता है। राष्ट्रीय स्तर के उक्त प्रतियोगिता में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराने वाले सोलह वर्षीय दिव्य ने बताया कि सब जूनियर कैटगरी के 74 किलो वर्ग में सफलता पूर्वक 202 किलो वजनी भारोत्तोलक उठाने वाला बिहार से वह एकमात्र प्रतिभागी था।
पूर्व में बिहार पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में पावर लिफ्टिंग ट्रेनिंग सेंटर पटना में जूनियर एवं सब जूनियर प्रतिभागियों के चयन के लिये ट्रायल कैम्प का आयोजन किया गया था। जिसमें दिव्य का चयन किया गया था। मालूम हो कि स्थानीय एक जिम में दिव्य प्रतिदिन पावरलिफ्टिंग का प्रैक्टिस करता है। उसने किसी एकेडमी या ख्यात ट्रेनर से अब तक ट्रेनिंग भी नहीं ली है। लेकिन शौकिया तौर पर पावरलिफ्टिंग से जुड़ाव ने उसे नेशनल चैंपियनशिप में प्रतिभागी के रूप में भाग लेने का मौका प्रदान किया।

इस अवसर को खास बनाने के लिये उसने करीब एक माह तक कड़ी मेहनत की। प्रतियोगिता में अपने पुत्र का हौंसला बढ़ाने के लिये आयोजन स्थल सत्यनारायण गार्डन में दिव्य के पिता दीप्तोश चौधरी एवं शिक्षिका मां दीपा रानी भी मौजूद थे। दिव्य की इस उपलब्धि पर उजियारपुर प्रखंड के निकसपुर के मूल निवासी दादा अवधेश चौधरी, दादी मंजू कुमारी सहित परिजनों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष जताया है।





