समस्तीपुर शहर में छात्रों से छिनतई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो बदमाश गिरफ्तार

समस्तीपुर : शहर के काशीपुर मोहल्ले में स्कूल और कोचिंग आने-जाने वाले छात्रों को निशाना बनाकर मारपीट एवं छिनतई करने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। स्थानीय लोगों की सतर्कता और सीसीटीवी फुटेज की मदद से शुक्रवार को दो बदमाशों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया। दोनों आरोपित जिले के बिथान क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से काशीपुर मोहल्ले में छात्रों के साथ मारपीट और गले से सोने की चकती छीनने की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। इससे इलाके में दहशत का माहौल था। पीड़ित छात्रों की शिकायत के बाद स्थानीय लोगों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें संदिग्ध युवकों की पहचान हुई। इसके बाद शुक्रवार को एक किराए के मकान से दोनों को पकड़ लिया गया।

पहली घटना 19 मई की बताई जा रही है। वैनी थाना क्षेत्र के बरकुरवा चंदौली निवासी मिंटू कुमार ने नगर थाना में आवेदन देकर बताया कि वह काशीपुर स्थित कोचिंग से लौट रहे थे। इसी दौरान तीन युवकों ने उन पर 6 हजार 400 रुपये चोरी करने का झूठा आरोप लगाया और जबरन रेलवे लाइन पार ले गए। वहां उनके साथ मारपीट कर गले से सोने की चकती छीन ली गई।
वहीं दूसरी घटना 21 मई की है। काशीपुर मोहल्ला निवासी एवं आजाद चौक स्थित एक निजी स्कूल के छात्र प्रशांत कुमार ने भी इसी तरह की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि तीन युवकों ने उन्हें घेरकर रेलवे लाइन के पार ले जाकर मारपीट की और गले से सोने की चकती छीन ली। इधर नगर थाना की प्रभारी थानाध्यक्ष पूजा कुमारी ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है। पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ की जा रही है तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।





