बंगाल में ज्वेलरी शोरूम से करोड़ों के आभूषण लूट मामले में समस्तीपुर से गिरफ्तार अमन के उपर पहले से भी दर्ज है अलग-अलग मामले

समस्तीपुर : पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद स्थित सेंको ज्वेलरी शॉप में बीते दिनों हुए करोड़ों रुपये के सोना लूटकांड मामले में बुधवार को एक बार फिर एसटीएफ और पश्चिम बंगाल पुलिस की टीम समस्तीपुर में छापेमारी की। गिरफ्तार आरोपियों को साथ लेकर पुलिस ने नगर थाना एवं मुफस्सिल थाना क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने फिर से अतिरिक्त सोना व नगद रूपये बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, एसटीएफ की टीम नगर थाना क्षेत्र के वीर कुंवर सिंह कॉलोनी स्थित आरोपी अमन कुमार के पांच मंजिला मकान पर पहुंची। भारी संख्या में पुलिस बल के साथ हुई कार्रवाई के दौरान पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। लोग अपने-अपने घरों की खिड़कियों और छतों से पुलिस की गतिविधियों को देखते रहे। करीब एक घंटे तक चली तलाशी के दौरान पुलिस ने घर से 97 ग्राम सोना व नगद बरामद किया। इसके बाद टीम आरोपी को अपने साथ लेकर निकल गई।

इधर एसटीएफ की दूसरी टीम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शीतल पट्टी गांव पहुंची, जहां गिरफ्तार आरोपी सुधीर शर्मा के दो मंजिले घर पर भी छापेमारी की गई। पुलिस ने वहां से भी आभूषण बरामद किए हैं। इस दौरान 5 लाख से अधिक नगद रुपये भी बरामद किया गया। हालांकि बरामद सामान की आधिकारिक जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि इस मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इनके जरिए लूटकांड में शामिल अन्य अपराधियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी व और भी आभूषण बरामद हो सकते है।

गौरतलब है कि बीते 14 मई को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले स्थित सेंको ज्वेलरी शॉप में 6 से 7 अपराधियों ने धावा बोलकर करीब 5 किलो ग्राम सोने के आभूषण और तीन लाख रुपये नकद लूट लिए थे। तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर एसटीएफ ने समस्तीपुर से मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शीतल पट्टी निवासी सुधीर शर्मा और वारिसनगर थाना क्षेत्र के किशनपुर बैकुण्ठ निवासी अमन कुमार को गिरफ्तार किया था। उनकी निशानदेही पर पहले ही करीब 1.118 किलोग्राम सोने के आभूषण बरामद किए जा चुके हैं।
एसटीएफ के अनुसार, इस पूरे लूटकांड का मास्टरमाइंड वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के चौरज (चेचर) निवासी रोहित सिंह है, जो फिलहाल हाजीपुर जेल में बंद है। पुलिस का दावा है कि उसी ने जेल के अंदर से पूरी साजिश रची और अपने शागिर्दों के जरिए बंगाल में वारदात को अंजाम दिलाया। फिलहाल मामले में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी और बाकी सोने की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

जिम ट्रेनर को गोली मारने के मामले में भी आरोपी रहा है अमन :
वर्ष 2021 के सितंबर महीने में पटना के कदमकुआं थाना इलाके के बुद्ध मूर्ति के पास जिम ट्रेनर विक्रम सिंह पर गोली चलाने के मामले में भी अमन सुपारी किलर की भुमिका निभाई थी। पटना के तत्कालीन एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा ने बताया था कि विक्रम के दिए बयान पर प्रसिद्ध फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. राजीव कुमार सिंह और उनकी पत्नी खुशबू सिंह को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी थी। जिसमें यह बात सामने आयी थी की जिम ट्रेनर विक्रम सिंह पर गोली चलाने में अमन ने सुपारी किलर की भुमिका निभाई थी। हालांकि इलाज के दौरान जीम ट्रेनर की जान बच गयी थी। उन्हें अपराधियों ने 5 गोलियां मारी थीं। इसके बावजूद घायल अवस्था में विक्रम खुद स्कूटी चलाकर पीएमसीएच पहुंचे थे और उनकी जान बच गई थी।
इधर गिरफ्तार अभियुक्त अमन और उसके पिता पर समस्तीपुर जिले के अन्य थानों में भी पहले से कई प्राथमिकी दर्ज है। वहीं सूत्रों की मानें तो अमन पश्चिम बंगाल के एक और लूटकांड मामले में आरोपी रह चुका है। बंगाल पुलिस की एसटीएफ उसकी भी जांच कर रही है। वहीं दूसरी ओर अमन के पिता विजेंद्र कुमार सिंह ने बताया की जिस दिन मुर्शिदाबाद में ज्वेलरी शोरूम से लूट की घटना हुई थी उस दिन उसका पुत्र अमन उनके साथ छपरा में एक शादी समारोह में था। इधर बंगाल एसटीएफ की टीम लगातार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी में जुटी है। पुलिस को अन्य जगहों से और भी आभूषण बरामद हो सकती है। अमन की निशानदेही पर समस्तीपुर जिले के अन्य जगहों पर छापेमारी जारी है।
वीडियो : अमन को गिरफ्तार कर ले जाती पुलिस
अमन के पिता का बयान :



