तत्काल काउंटर पर टिकट दलालों की जांच, समस्तीपुर रेल मंडल के रूसेराघाट रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई
समस्तीपुर : समस्तीपुर रेल मंडल के रूसेराघाट रेलवे स्टेशन स्थित तत्काल टिकट काउंटर पर वाणिज्य विभाग, आरपीएफ व जीआरपी की टीम ने सघन जांच अभियान चलाया। उक्त टिकट काउंटर पर टिकट दलालों के सक्रिय होने की शिकायत पर टीम ने पहुंच कर जांच की। इस दौरान कतार में खड़े लोगों का पर्ची व आधार कार्ड का मिलान भी रेल अधिकारियों ने किया। हालांकि इस दौरान कोई टिकट दलाल व संदिग्ध व्यक्ति नजर नहीं आया। जांच के दौरान टिकट लेने के लिये पंक्ति में खड़े सभी वैद्य लोग ही पाये गये। इस अभियान में आरपीएफ सब इंस्पकेक्टर पीके चौधरी सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।

