समस्तीपुर में Bank of India के अंदर शराब के नशे में सहायक मैनेजर व क्लर्क समेत तीन कर्मी धराये

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र के नीम चौक पर स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा से सोमवार की शाम तीन बैंक कर्मियों को शराब के नशे की हालत में मद्य निषेध सह उत्पाद विभाग की टीम ने हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए कर्मियों में सहायक बैंक मैनेजर, क्लर्क और एक ग्राहक सेवक शामिल हैं। उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि बैंक शाखा के अंदर कुछ कर्मी शराब के नशे में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही वे खुद टीम के साथ कार्रवाई के लिए पहुंचे। शाम करीब 6 बजे बैंक पहुंचने पर शाखा अंदर से बंद मिली। टीम ने बैंक खुलवाकर अंदर मौजूद कर्मियों की जांच शुरू की।
जांच के दौरान सहायक बैंक मैनेजर, क्लर्क समेत चार लोगों की बारी-बारी से ब्रेथ एनालाइज़र से जांच कराई गई। जांच में तीन लोगों के शराब सेवन की पुष्टि हुई, जबकि एक अन्य व्यक्ति की रिपोर्ट निगेटिव आने पर उसे छोड़ दिया गया। हालांकि इश दौरान बैंक में शराब या शराब की बोतल नहीं मिली। इसके बाद उत्पाद विभाग ने तीनों कर्मियों को हिरासत में ले लिया।

हिरासत में लिए गए कर्मियों में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जितवारपुर चौथ निवासी दुर्गेश राय के पुत्र सहायक बैंक मैनेजर शिवम कुमार उर्फ अरुण कुमार (39 वर्ष), नालंदा जिले के कतरीसराय थाना क्षेत्र के छाछु बिगहा निवासी सहज्जानंद शर्मा के पुत्र बैंक क्लर्क संवत कुमार (40 वर्ष) तथा वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर डुमरा निवासी राजकुमार सहनी के पुत्र ग्राहक सेवक ओम प्रकाश सहनी (30 वर्ष) शामिल हैं। इस संबंध में उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि तीनों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






