न्यू कॉलोनी धरमपुर में अधिवक्ता के घर से चोरी, नींद खुली तो बैग से निकाल रहा था सामान, हल्ला होने पर भागा चोर

समस्तीपुर : शहर में इन दिनों चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। आए दिन घरों और दुकानों को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। हैरानी की बात यह है कि लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद पुलिस न तो चोरी पर अंकुश लगा पा रही है और न ही पूर्व में हुई कई बड़ी चोरी की घटनाओं का अब तक खुलासा हो सका है। गुरुवार की अहले सुबह करीब चार बजे नगर थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी धरमपुर वार्ड संख्या-27 में एक और चोरी की घटना सामने आई है।
मामले को लेकर पीड़ित अधिवक्ता ओम प्रकाश ने नगर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में उन्होंने बताया कि बुधवार की सुबह करीब चार बजे उनके घर में चोरी हुई। उस समय परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान एक युवक घर में घुस गया और कमरे में रखे उनके बेटी सिल्की सिंह के अलावे बेटी की दोस्त प्रिंसी सिंह दोनों का मोबाइल फोन और अलमीरा से पांच हजार रुपये चोरी कर ली।

चोर अन्य सामान की चोरी कर रहा था लेकिन उस बीच खटपट की आवाज सुनकर जब उनकी नींद खुली तो चोर नीचे बैठकर एक बैग का चेन खोल रहा था। चोर-चोर हल्ला करने पर वह सीढ़ियों से कूदकर फरार हो गया। इसके बाद पीड़ित अधिवक्ता ने पुलिस को इसकी सूचना दी। इस दौरान चोर का एक चाबी का गुच्छा वहीं गिर पड़ा जो पड़ोस के ही घर का बताया गया है। चोर पड़ोसी के ग्रिल को ही खोलखर छत से घर में प्रवेश किया था। इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

शहर में एकाएक चोरी की घटनाएं बढ़ी, चोर बेखौफ होकर कर रहे चोरी :
शहर के ताजपुर रोड निवासी प्रियरंजन कुमार ने बताया कि शहर में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की सक्रियता नजर नहीं आ रही है। हाल के दिनों में शहर के भीतर कई घरों, दुकान, न्यायालय व मंदिर में चोरी की घटनाएं हुई हैं, परंतु अधिकांश मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। इससे लोगों का भरोसा पुलिस व्यवस्था पर कमजोर पड़ता जा रहा है। दो दिनों पहले ही ताजपुर रोड में ही अधिवक्ता अजय कुमार झा के घर से 65 लाख के आभूषण व 55 हजार रुपये नगद की चोरी हो गयी।

इस दौरान घर के सभी लोग घर में ही सो रहे थे। बता दें कि लोग रात में अपने-अपने घरों में निश्चिंत होकर सोते हैं क्योंकि घर ही किसी व्यक्ति का सबसे सुरक्षित जगह होता है। लेकिन इन दिनों चोर बड़ी सफाई से घर में गृहस्वामी समेत अन्य लोगों के गहरी नींद में होने के दौरान चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे है। इतना ही नहीं चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर वह आसानी से फरार भी हो जा रहे हैं। लगातार हो रही वारदातों से शहरवासियों में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस अब तक चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने में नाकाम दिख रही है।



