20 मई को बंद रहेगी समस्तीपुर जिले की सभी दवा दुकानें, ऑनलाईन दवा की बिक्री व कॉरपोरेट घरानों द्वारा अधिक छूट देने का विरोध

समस्तीपुर : समस्तीपुर डिस्ट्रिक्ट केमिस्ट एंड ड्रगस्टि एसोसिएशन ने 20 मई को जिले की सभी दवा दुकान बंद रखने का निर्णय लिया है। इस बाबत एसोसिएशन ने एक विज्ञप्ति जारी कर बताया है कि राष्ट्रीय संगठन एआईओसीडी एवं राज्य संगठन बीसीडीए पटना के आह्वान पर एक दिवसीय दवा दुकान बंद रखने का फैसला लिया गया है।
बंदी के कारण :
एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद कुमार व सचिव कृष्ण कुमार मिश्रा ने कहा कि ऑनलाईन दवा की बिक्री व कॉरपोरेट घरानों द्वारा अधिक छूट देकर दवा व्यवसायी की गरिमा से खिलवाड़ किया जा रहा है। इसके कारण आज आम लोग एवं दवा व्यवसायियों के बीच काफी दूरी बढ़ती जा रही है। राष्ट्रीय संगठन इसका विरोध करते हुये नकली दवा निर्मता पर अंकुश लगाने की मांग की है।

स्वास्थ्य पर प्रभाव :
एसोसिएशन का मानना है कि दवा जीवन रक्षा के लिये उपयोग किया जाता है। जबकि ऑनलाइन दवा आम लोगों के बीच पहुंचाने के बीच दवा के रखरखाव एवं उसके लिये मानक के अनुरूप जरूरी तापमान मेनटेन नहीं हो पाता है। इसका दुष्प्रभाव लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ता है। उधर, आम लोगों के हित को ध्यान में रखते हुये जिला, अनुमंडल व प्रखंड मुख्यालय में एक-एक मेडिकल स्टोर खुला रखने की जानकारी दी गयी है। समस्तीपुर में भारत मेडिकल हॉल, बिथान में शिवम मेडिकल हॉल, हसनपुर में रामा मेडिकल हॉल, रोसड़ा में न्यू शिव मेडिकल हॉल, ताजपुर में हिंदुस्तान मेडिकल हॉल, पूसा रोड में महादेव मेडिकल हॉल, कल्याणपुर में अमित मेडिकल हॉल, वारिसनगर में अमनदीप मेडिकल हॉल बंदी के दौरान भी आम लोगों के लिये खुला रहेगा।





