BRB कॉलेज में इंटर्नशिप के नाम पर छात्रों से की जा रही कथित अवैध वसूली के खिलाफ उग्र प्रदर्शन; इंटर्नशिप टेंडर घोटाला रद्द, छात्रों की फीस होगी वापस

समस्तीपुर : शहर के मोहनपुर रोड स्थित बीआरबी कॉलेज में इंटर्नशिप के नाम पर छात्रों से की जा रही कथित अवैध वसूली के खिलाफ सोमवार को संयुक्त छात्र संगठन के नेतृत्व में जोरदार आंदोलन किया गया। कॉलेज प्रशासन द्वारा चार निजी कंपनियों के माध्यम से इंटर्नशिप टेंडर लागू करने और छात्रों पर शुल्क थोपने के विरोध में छात्र नेताओं ने परिसर में जमकर नारेबाजी की। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने 23 मई को विश्वविद्यालय के कुलपति, कॉलेज प्रशासन एवं अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन देकर इस व्यवस्था का विरोध जताया था।
सोमवार को आंदोलन की अगुवाई NSUI जिलाध्यक्ष राजन कुमार वर्मा ने की। आंदोलन में छात्र संगठन आईसा (AISA) की ओर से छात्र प्रतिनिधि दीपक यादव, विवेक कुमार, धीरज कुमार और एआईएसएफ (AISF) की ओर से छात्र प्रतिनिधि अविनाश कुमार और अभिषेक आनंद ने भाग लिया। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन और हंगामे के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की मौजूदगी में छात्र नेताओं और कॉलेज प्रशासन के बीच वार्ता हुई। छात्र संगठनों के दबाव के बाद कॉलेज प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण मांगें मान लीं। छात्र नेताओं ने दावा किया कि इस मुद्दे पर विश्वविद्यालय के कुलपति से वार्ता के बाद संबंधित आदेश भी जारी कर दिया गया है। संयुक्त छात्र संगठन ने इसे छात्र एकता और अधिकारों की बड़ी जीत बताया।

आंदोलन के दौरान छात्र नेताओं ने कॉलेज प्रशासन के रवैये पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि आंदोलन समाप्त होने के बाद कुछ छात्र नेताओं को धमकी दी गई। प्रदर्शन में विवेक विराट, हिमांशु शेखर, आदित्य कुमार, भरत कुमार, राजू निराला, नवनीत यादव, आनंद अधिकारी, राहुल कुमार, धीरज कुमार सहित कई छात्र मौजूद थे।

वार्ता में लिए गए प्रमुख निर्णय :
- इंटर्नशिप के नाम पर छात्रों से लिए गए ₹1000 और ₹1500 वापस किए जाएंगे।
- भविष्य में किसी निजी कंपनी को इंटर्नशिप के लिए टेंडर नहीं दिया जाएगा।
- छात्र अपनी इच्छा के अनुसार किसी भी संस्थान या कंपनी से इंटर्नशिप कर सकेंगे।




