समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

SamastipurNEWS

समस्तीपुर में ATM काटकर 2.11 लाख चोरी मामले में 25 दिनों बाद भी पुलिस के हाथ खाली, STF ने पूछताछ के लिये संदिग्धों को उठाया

IMG 20260212 WA0118

समस्तीपुर : जिले में लगातार बढ़ रही लूट, चोरी और डकैती की घटनाओं ने आम लोगों के साथ-साथ कारोबारियों और बैंकिंग संस्थानों की भी चिंता बढ़ा दी है। अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ चुका है कि वे बेखौफ होकर दिनदहाड़े और देर रात हथियार के बल पर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा घटनाओं ने जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर रोड स्थित केनरा बैंक एटीएम मशीन को गैस कटर से काटकर करीब 2 लाख 11 हजार 800 रुपये चोरी करने वाले गिरोह तक पुलिस अब तक नहीं पहुंच सकी है, वहीं सोमवार को कल्याणपुर और सरायरंजन थाना क्षेत्र में महज ढाई घंटे के भीतर दो अलग-अलग सीएसपी केंद्रों में हथियारबंद बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी।

बताया जा रहा है कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर रोड स्थित केनरा बैंक के एटीएम में 23 अप्रैल की अहले सुबह करीब 3 बजकर 6 मिनट पर काले रंग की स्कॉर्पियो से पहुंचे छह नकाबपोश अपराधियों ने पूरी योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया था। सभी अपराधी गैस कटर, लोहे काटने वाले उपकरण और अन्य आधुनिक औजारों से लैस थे। अपराधियों ने पहले एटीएम के शटर को भीतर से बंद किया और फिर करीब 24 मिनट तक मशीन को काटते रहे। इसके बाद मशीन में रखे 2 लाख 11 हजार 800 रुपये निकाल लिये तथा चेस्ट बॉक्स को भी उखाड़कर अपने साथ ले गये।

HOLY MISSION High School 20x10 1

paid hero ad 20250215 123933 1 scaled

इस दौरान बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना कैद हुई थी। फुटेज में देखा गया कि एक अपराधी बाहर खड़ा होकर लोगों की गतिविधियों पर नजर रख रहा था, जबकि एक स्कॉर्पियो में चालक की सीट पर बैठा था। बाकी चार अपराधी बारी-बारी से मशीन काटने का काम कर रहे थे। वारदात के दौरान सभी बदमाश नकाब और ग्लव्स पहने हुए थे, ताकि उनकी पहचान न हो सके। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अपराधियों ने स्कॉर्पियो का नंबर प्लेट बदल रखा था। आशंका जताई जा रही है कि वाहन चोरी का हो सकता है।

IMG 20240904 WA0139

घटना के लगभग एक महीना बीतने वाला है, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी अपराधी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। हालांकि समस्तीपुर पुलिस और एसटीएफ लगातार छापेमारी का दावा कर रही है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार की शाम मुजफ्फरपुर और वैशाली जिले के कई ठिकानों पर स्थानीय पुलिस की मदद से एसटीएफ ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर तीन से चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है। सभी संदिग्धों के मोबाईल को खंगाला जा रहा है। बताया गया है कि मोबाईल सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों को उठाया है। पुलिस सूत्रों की मानें तो एसटीएफ को इस पूरे मामले में किसी लोकल लाइनर के शामिल होने का शक है, जिसने अपराधियों को एटीएम की गतिविधियों और इलाके की पूरी जानकारी उपलब्ध करायी है। पुलिस इसको लेकर लगातार छापेमारी व टावर डंपिंग में लगी है।

FB ADD scaled

इधर दूसरी ओर लगातार हो रही चोरी व लूट की घटनाओं से जिले के लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि अपराधी बेखौफ होकर लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इस दौरान गोली चलाने से भी अपराधी गुरेज नहीं कर रहे है। अपराधियों के सामनें पुलिस बौनी साबित होते दिखाई दे रही है। पुलिस हर घटनाओं के बाद सिर्फ जांच और छापेमारी की बात करती नजर आ रही है। इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह का कहना है कि एटीएम काटकर नगद चोरी मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही एटीएम काटने वाले गिरोह का खुलासा कर लिया जाएगा व सभी बदमाशों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

IMG 20250821 WA0010

IMG 20260516 WA0116

IMG 20241218 WA0041

20201015 075150