दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर में दबकर बाइक सवार फल विक्रेता की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले में तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रकों का कहर लगातार जारी है। ताजा मामला मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के हुंडिया पेट्रोल पंप के पास का है, जहां एक अनियंत्रित ट्रक ने दूसरे ट्रक को सामने से ठोक दिया। इन दोनों ट्रकों के बीच दबकर एक बाइक सवार फल विक्रेता की मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर मुआवजा देने और ट्रक चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग की। मृतक की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के गांवपुर वार्ड संख्या-6 के स्व. बैजनाथ सिंह के पुत्र रमेश कुमार सिंह के रूप में हुई है। इधर घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक के बड़े भाई राम कुमार ने बताया कि रमेश फल बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह मोतीपुर से फल खरीदकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मुसरीघरारी के हुंडिया पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार दो ट्रक आपस में टकरायगयी, जिसके बीच में आने से उसके भाई की दबकर मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के दोनों बच्चों और पत्नी के सिर से पिता का साया उठ गया है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

वहीं घटना के विरोध में स्थानीय लोगों और परिजनों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने में जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और ट्रक को भी कब्जे में ले आयी। वहीं फरार चल रहे ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।



