समस्तीपुर में गृहमंत्री अमित शाह का फूंका गया पुतला, दिल्ली पुलिस पर बिहारी युवक की ह’त्या का आरोप

समस्तीपुर : दिल्ली के द्वारका इलाके में दिल्ली पुलिस की ओर से एक बिहारी युवक को कथित तौर पर गोली मारने की घटना का विरोध हुआ है। इसमें समस्तीपुर शहर में प्रतिरोध मार्च निकाला गया। आइसा और नागरिक समाज के बैनर तले गृहमंत्री का पुतला भी फूंका गया। इस घटना से आक्रोशित आइसा और नागरिक समाज के कार्यकर्ता सर्किट हाउस पर एकत्रित हुए। उन्होंने हाथों में झंडे, बैनर और मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर प्रतिरोध मार्च निकाला। यह मार्च शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए गायत्री कॉम्प्लेक्स पहुंचा, जहां यह एक सभा में परिवर्तित हो गया। सभा की अध्यक्षता आइसा के जिला अध्यक्ष लोकेश राज ने की, जबकि संचालन जिला सचिव सुनील कुमार सिंह ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के जिला स्थाई समिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि बिहारी होने के नाम पर युवक को गोली मारने की घटना गंभीर है। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच, दोषी पुलिसकर्मियों पर एफआईआर दर्ज कर स्पीडी ट्रायल चलाने और उन्हें बिहार में ही सजा देने की मांग की।

सिंह ने मृतक के परिवार को सरकारी नौकरी और 20 लाख रुपये मुआवजा देने की भी मांग की। उन्होंने देश भर में काम करने वाले बिहारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और बिहार में ही कल-कारखाने व उद्योग-धंधे लगाकर रोजगार के अवसर पैदा करने पर जोर दिया। माले नेता ने “मार दिया तो क्या हुआ” कहने वाले जीतनराम मांझी और “बिहार फर्स्ट-बिहारी फर्स्ट” का नारा देने वाले चिराग पासवान की भी आलोचना की।
विरोध प्रदर्शन का समापन गृहमंत्री अमित शाह का पुतला फूंककर किया गया। इस मौके पर नागरिक समाज के दीनबंधु प्रसाद, रामबली सिंह, राजद नेता शाहीद हुसैन, भाकपा माले के मो० सगीर, मनोज कुमार सिंह, मनोज शर्मा, मो० सोनू, आइसा के लोकेश कुमार, सुनील कुमार सिंह, राजू झा, दीपक यदुवंशी सहित बड़ी संख्या में आइसा-माले कार्यकर्ता उपस्थित थे।

बता दें कि शनिवार की रात दिल्ली के द्वारका में अपने दोस्त के घर पार्टी से लौट रहे डेलीवरी बॉय पांडव कुमार और उसके दोस्त को दिल्ली पुलिस निरज कुमार ने रोककर गाली-गलौज करने लगा, जब युवक ने उसका विरोध किया तो सीना में पिस्टल सटाकर गोली मार दी। गोली पांडव के सीना छेदते हुए उसके दोस्त को लग गई। पांडव की मौत मौके पर हो गई और उसका दोस्त इलाजरत है। मृतक पांडव कुमार खगड़िया का स्थाई निवासी है। दिल्ली में डेलीवरी बॉय का काम करता था।




