बदमाशों ने नगर निगम वार्ड संख्या-36 के पार्षद पति पर किया जानलेवा हमला, रंगदारी नहीं देने पर दी ह’त्या की धमकी

समस्तीपुर : नगर थाना क्षेत्र के माधुरी चौक रोड नंबर-10 में वार्ड संख्या-36 के पार्षद पति पर बदमाशों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की पहचान वार्ड संख्या-36 की पार्षद दीपिका कुमारी के पति प्रदीप कुमार के रूप में की गयी है। घटना की शुरुआत रविवार दोपहर से हुई जब स्थानीय जगदीश बैठा रोड नंबर-10 में घर का निर्माण कर रहे थे। स्थानीय लोगों द्वारा अवैध निर्माण की सूचना पर पंचायत के लिये पार्षद प्रतिनिधि के तौर पर दीपिका कुमारी के पति वहां पहुंचे तो पहले से ही डायल-112 की टीम वहां मौजूद थी।
इसी दौरान वार्ड पार्षद पर नजर पड़ते ही जगदीश बैठा और उसका पुत्र राजा कुमार, पुरूषोत्तम कुमार, पत्नी शकुंतला देवी आदि पुलिस के सामने ही गाली-गलौज करने लगे व वार्ड पार्षद पर हमला कर दिया। किसी तरह उन्होंने छीपकर अपनी जान बचायी। इस घटना के बाद वह सोमवार को कोरबद्धा में नल-जल का कार्य देखने जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए राजा कुमार अपने कुछ साथियों के साथ उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

वार्ड पार्षद पति का आरोप है की बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली, जिसकी कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई गई है, साथ ही जेब से 10 हजार रुपये नकद भी लूट लिए। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि बदमाशों ने खुद को इलाके का दबंग बताते हुए हर महीने 50 हजार रुपये रंगदारी की मांग की। रंगदारी नहीं देने पर मकर संक्रांति से पहले हत्या कर देने की धमकी दी गई। इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि जमीन विवाद से जुड़ा हुआ मामला है। उसी विवाद में पंचायत के लिये वार्ड पार्षद प्रतिनिधि गये थे, जहां उन्हें धमकी दी गयी। पार्षद प्रतिनिधि ने आवेदन दिया है, आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।






