समस्तीपुर के मोहनपुर रोड में चेन स्नैचिंग करते रंगेहाथ दो बदमाशों को पकड़कर लोगों ने की जमकर पिटाई, किया पुलिस के हवाले

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर रोड स्थित बीआरबी कॉलेज के पास गुरुवार को एक महिला से पर्स और चेन छीनकर भाग रहे दो बाइक सवार बदमाशों को स्थानीय लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए दबोच लिया। पकड़ने के बाद भीड़ ने दोनों की जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों बदमाशों को भीड़ से छुड़ाकर थाने लेकर गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला बाजार से खरीदारी कर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आये बाइक पर सवार दो युवकों ने महिला के गले से चेन झपट ली और पर्स छीनने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने तुरंत पीछा किया और कॉलेज के पास दोनों बदमाशों को घेर लिया। लोगों ने उनकी बाइक रोक ली और पकड़कर धुनाई शुरू कर दी।

घटना के संबंध में मुफ्फसिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया है। पीड़ित महिला द्वारा लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दोनों की पहचान, आपराधिक इतिहास और संभावित गिरोह संबंध की भी जांच कर रही है।
यहां देखें वीडियों :
समस्तीपुर में चेन स्नैचिंग करते रंगेहाथ दो बदमाशों को पकड़कर लोगों ने की जमकर पिटाई, किया पुलिस के हवाले, वीडियो वायरल। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर रोड बीआरबी कॉलेज के पास की घटना।#Samastipur pic.twitter.com/qJo2ZWo8nT
— Samastipur Town (@samastipurtown) October 23, 2025







