समस्तीपुर की सांसद शाम्भवी चौधरी ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से की मुलाकात

समस्तीपुर : समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र की सांसद शाम्भवी चौधरी ने मंगलवार को देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की। इस दौरान सांसद ने वित्त मंत्री द्वारा हाल ही में किए गए ऐतिहासिक कर सुधारों की सराहना करते हुए कहा कि इन सुधारों का सीधा लाभ बिहार की बड़ी आबादी को मिलेगा। शाम्भवी चौधरी ने कहा कि टैक्स सुधारों से आम नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त होने का अवसर मिलेगा और राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
मुलाकात के दौरान उन्होंने समस्तीपुर क्षेत्र की चुनौतियों एवं संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। सांसद ने बताया कि कृषि आधारित व्यवसायों के विस्तार की अपार संभावनाएँ हैं, जिन्हें उचित मार्गदर्शन और सहयोग से समस्तीपुर को आर्थिक प्रगति का नया मॉडल बनाया जा सकता है। इसके साथ ही सांसद ने महिला उत्थान और सशक्तिकरण पर भी गंभीर चर्चा की। उन्होंने कहा कि यदि महिलाओं को शिक्षा, कौशल और स्वावलंबन के अवसर दिए जाएँ, तो पूरा समाज तेजी से प्रगति की राह पर आगे बढ़ेगा।








