फ्री होकर बात करूंगा मां… एक घंटे बाद ही IAF विमान क्रैश में शहीद हो गए बिहार के रहने वाले फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार

असम के जोरहाट वायुसेना स्टेशन पर भारतीय वायुसेना का परिवहन विमान (एएन -32) शनिवार को लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में वायुसेना के पांच जवान शहीद हो गए जिसमें बिहार के जहानाबाद के लाल फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार भी शामिल हैं। शुभम ने हादसे के एक घंटे पहले ही अपनी मां से वीडियो कॉल पर बात की थी। बेटे के शहादत की सूचना मिलते ही परिवार टूट गया। 26 वर्षीय शुभम हुलासगंज प्रखंड के बनवारियां गांव के रहने वाले थे।
शुभम के शहीद होने की सूचना मिलते ही पूरे गांव और परिवार में मातम छा गया है। दुर्घटना की यह खबर परिजनों को सुबह करीब 11 बजे मिली। खबर मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। बाद में यह खबर पूरे प्रखंड में फैल गई। शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट के भाई सत्यम ने बताया कि पहले तो उन्हें लगा कि यह गलत एवं भ्रामक खबर है। फिर जब भाई के मोबाइल पर कॉल किया तो घटना की जानकारी दी गई।

शहादत से पहले आखिरी वीडियो कॉल…
उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह 9 बजे के आसपास वीडियो कॉल पर शुभम की अपनी मां से बात हुई थी। उस समय वह बिल्कुल खुश नजर आ रहे थे। हालांकि, परिवार के अन्य सदस्यों से उनकी बात नहीं हो पाई थी। शुभम कुमार ने अपनी मां से सिर्फ इतना कहा था कि अभी वह जल्दी में हैं, फ्री होकर बात करेंगे। मां को कहां पता था कि यह उनके सपूत का आखिरी वीडियो कॉल होगा।

मां-पिता की हालत खराब
फ्लाइट लेफ्टिनेंट के शहीद होने से पूरे घर में चीख पुकार मच गई। शुभम के मां और पिता अमरेंद्र आनंद की हालत दयनीय है। पिता कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हैं। ग्रामीणों ने बताया कि साल 2021 में शुभम कुमार ने वायु सेना में योगदान दिया था। किसान पिता और गृहणी माता अपने बेटे की सफलता पर गदगद थे।

शादी से इनकार करते रहे शुभम
ग्रामीणों के अनुसार, परिवार के लोग उनकी शादी के सपने संजोए रखे थे, लेकिन खुद शुभम ही विवाह से इनकार करते रहे। वह हाल ही में छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे। छुट्टी खत्म होने के बाद करीब 15 दिन पहले ही उन्होंने फिर से ड्यूटी ज्वाइन की थी। लेकिन परिजनों का क्या पता था कि वह अपने बेटे को आखिरी बार घर से विदा कर रहे हैं।

सुबह 10 बजे हुआ हादसा
असम के जोरहाट में भारतीय वायुसेना का विमान शनिवार सुबह 10 बजे लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया। एजेंसी सूत्रों के अनुसार, लैंडिंग के दौरान विमान का नियंत्रण बिगड़ गया और वह रनवे से फिसल गया। फिर विमान टैक्सी-वे को पार करते हुए दो हिस्सों में बंट गया और उसमें आग भी लग गई। हादसे में फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार समेत 5 जांबाज शहीद हो गए, जबकि एक को-पायलट गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वायुसेना ने हादसे की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी गठित की है।

सम्राट चौधरी ने जताया शोक
इस दुखद हादसे पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शोक जताया है। उन्होंने कहा कि असम के जोरहाट में भारतीय वायुसेना के An-32 विमान दुर्घटना में हमारे पांच वीर वायुयोद्धाओं के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। देश उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण को सदैव श्रद्धापूर्वक याद रखेगा।
