हाजीपुर-मुजफ्फरपुर रेलखंड पर आतंकी रेकी का शक? मिला 4G सिम से संचालित हाईटेक IP कैमरा

बिहार के वैशाली जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. जिसने देश की सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है. हाजीपुर-मुजफ्फरपुर रेलखंड के सराय स्टेशन के पास रेलवे सिग्नल टावर पर एक संदिग्ध हाईटेक IP कैमरा लगा पाया गया है. इस घटना के बाद से रेलवे प्रशासन और सुरक्षा महकमे में हड़कंप मच गया है. प्राथमिक जांच में इसके आतंकी रेकी और पाकिस्तान कनेक्शन से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है.
4G सिम से संचालित हो रहा था जासूसी कैमरा
जानकारी के अनुसार यह कोई साधारण कैमरा नहीं है. एक हाईटेक जासूसी उपकरण है. यह सीक्रेट IP कैमरा 4G सिम के जरिए सीधे इंटरनेट से जुड़ा था. दूर बैठे किसी ऑपरेटर द्वारा नियंत्रित किया जा रहा था. यह कैमरा विशेष रूप से रेलवे ट्रैक और वहां से गुजरने वाली ट्रेनों की निगरानी के लिए लगाया गया था. टावर पर इसकी मौजूदगी का पता चलते ही सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और इसे जब्त कर लिया.

एनजीओ सदस्य बनकर आया था संदिग्ध
स्थानीय सूत्रों और शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि एक अज्ञात युवक खुद को किसी एनजीओ का सदस्य बताकर इलाके में घूम रहा था. शक है कि उसी युवक ने खुद को कर्मचारी या सामाजिक कार्यकर्ता बताकर बड़ी चालाकी से सिग्नल टावर पर यह कैमरा फिट किया. एजेंसियों को संदेह है कि एनजीओ की आड़ में जासूसी के इस खेल को अंजाम दिया जा रहा था.

ATS और STF की एंट्री, कर्नाटक से जुड़े तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार एटीएस और एसटीएफ की टीमों ने कमान संभाल ली है. सुरक्षा एजेंसियां इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही हैं कि कैमरे से डेटा कहाँ भेजा जा रहा था. जांच के तार कर्नाटक से भी जुड़ते नजर आ रहे हैं. जिसके बाद वहां के नेटवर्क को भी खंगाला जा रहा है.

आतंकी रेकी और पाकिस्तान कनेक्शन पर नजर
सुरक्षा एजेंसियों को सबसे बड़ा डर आतंकी रेकी का है. हाजीपुर-मुजफ्फरपुर रेलखंड सामरिक और नागरिक परिवहन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है. पाकिस्तान कनेक्शन की आशंका इसलिए भी जताई जा रही है क्योंकि जिस तरह से हाईटेक उपकरणों का इस्तेमाल किया गया है. वह किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करता है. फिलहाल, संबंधित सिम कार्ड के कॉल डिटेल्स रिकॉर्ड और आईपी एड्रेस को ट्रैक किया जा रहा है. इस घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. सराय स्टेशन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. संदिग्धों की धरपकड़ के लिए छापेमारी जारी है.


