बिहार: पुश्तैनी जमीन बेचकर पत्नी को BPSC टीचर बनाया, नौकरी लगते ही पति और बेटे को छोड़ा; अफेयर में हाईवोल्टेज ड्रामा

बिहार के हाजीपुर में पति और पत्नी का बीच सड़क हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। पति का आरोप है कि उसकी पत्नी का दूसरे मर्द से अफेयर चल रहा है। उसने अपनी पुश्तैनी जमीन बेचकर पत्नी की पढ़ाई करवाई। पत्नी जब बीपीएससी शिक्षिका बन गई तो उसने पति और बेटे को छोड़ दिया। पति ने यह भी दावा किया है कि उसने अपनी पत्नी को प्रेमी के साथ किराये के कमरे पर आपत्तिजनक हालत में पकड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया। सड़क पर बहुत देर तक ड्रामा चला, इस दौरान महिला का कथित प्रेमी भी मौजूद रहा। पति-पत्नी का कोर्ट में केस चल रहा है।
पति का नाम अमन कुमार बताया जा रहा है और वह वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है। अमन का कहना है कि उसकी शादी साल 2013 में हुई थी। शुरुआत में उनके बीच सबकुछ ठीक चल रहा था। उसने अपनी पत्नी की पढ़ाई कराई। शादी के बाद महिला ने ग्रेजुएशन और बीएड किया और फिर बीपीएससी टीआरई की तैयारी की।

पति का कहना है कि वह फोटोग्राफर है और जैसे-तैसे मेहनत करके परिवार का पालन पोषण करता है। पत्नी को पढ़ाने और उसके शौक पूरे करने के लिए उसने हरसंभव कोशिश की। उसे ब्यूटीशियन का कोर्स भी कराया। टीचर बनाने के लिए अपनी पुश्तैनी जमीन बेच दी। हाजीपुर में घर किराये पर लिया, सारी सुविधाएं दीं। पत्नी अपने बेटे के साथ वहां रहने लगी, जबकि पति काम की वजह से गांव में ही रहा।

टीचर ट्रेनिंग में पत्नी का अफेयर
अमन कुमार का कहना है कि बीपीएससी टीआरई 2 का रिजल्ट जनवरी 2024 में आया था। उसमें पत्नी का बतौर शिक्षिका चयन हो गया था। पत्नी की एक महीने की ट्रेनिंग सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज में हुई। ट्रेनिंग के दौरान ही उसकी पत्नी का प्रेम प्रकाश जयवाल नाम के एक शख्स के साथ अफेयर होने लगा।

पति का दावा है कि उसकी पत्नी अपने कथित प्रेमी के साथ दार्जिलिंग भी घूमने गई थी। सुपौल जाने के बाद से उसमें बदलाव आने लग गया। उसने बात करना बंद कर दिया। इससे पति-पत्नी के बीच मनमुटाव होने लगा। पिछले साल पत्नी घर छोड़कर चली गई और हाजीपुर रहने लगी। बीते एक साल से बेटा मां के बगैर अपने पिता के साथ ही रह रहा है।

10 साल का मासूम बोला- मम्मी सही नहीं है, मारती थी
इस वाकये में 10 साल के बेटा भी अपनी मां से नफरत कर बैठा है। बेटे का कहना है कि उसकी मम्मी सही नहीं है और उसे मारती थी। एक अंकल उसके घर आते थे। मम्मी उसे अपना दोस्त बताती थी। मम्मी ने कहा था कि कोई भी पूछे तो कहना कि मामा आए थे। बच्चे ने यह बात अपने पिता को भी बताई।

पत्नी को प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ा
वहीं, अमन कुमार ने दावा किया कि हाल ही में वह हाजीपुर के लिच्छवी नगर स्थित किराये के मकान पर अचानक जा पहुंचा। वहां पर उसने पत्नी को उसके कथित बॉयफ्रेंड प्रेम प्रकाश के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया। पति ने घर का दरवाजा बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी। इसी बीच मकान मालिक ने उसे धमकी देकर घर से बाहर निकाल दिया और प्रेमी को वहां से भगा दिया।

पुलिस के पहुंचने पर मोहल्ले में हाईवोल्टेज ड्रामा होने लगा। इसके वीडियो भी वायरल हुए हैं। पति और पत्नी के बीच सड़क पर बहसबाजी हुई। पुलिस से भी महिला ने बहस की। महिला का प्रेमी भी वहां पहुंच गया। पीड़ित पति ने हाजीपुर सदर थाने में आवेदन दिया, लेकिन कोर्ट में मामला चलने की वजह से एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी। पति का कहना है कि वह अब अपनी बीवी के साथ नहीं रहना चाहता है।
