पटना में आधी-बारिश ने बढ़ाई प्रशासन की मुसीबत, शपथ ग्रहण से ठीक पहले तालाब बना गांधी मैदान!

बिहार की सम्राट चौधरी सरकार में कल यानी गुरुवार (7 मई) को मंत्रिपरिषद विस्तार होना है. पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें पीएम मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ एनडीए के तमाम बड़े नेता शामिल हो सकते हैं. शपथ ग्रहण के लिए तैयारियां अपने अंतिम पड़ाव पर हैं. हालांकि, अब मौसम विभाग इसमें खलल डालने का काम किया है.
शपथ ग्रहण से ठीक एक दिन पहले हुई तेज बारिश के कारण मैदान के कई हिस्सों में पानी भर गया है, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है. सबसे ज्यादा असर वीआईपी गैलरी और पार्किंग एरिया में देखने को मिला है. वीआईपी बैठने के लिए लगाए गए सोफे और कुर्सियां पानी में भीग गई हैं. पार्किंग स्थल भी जलमग्न हो चुका है, जिससे वाहनों की आवाजाही पर असर पड़ सकता है. जिला प्रशासन ने हालात को संभालने के लिए मोर्चा संभाल लिया है. पानी निकालने के लिए पंप और पाइप लगाए जा रहे हैं और टीमें युद्ध स्तर पर काम कर रही हैं.

बता दें कि आज (बुधवार, 6 मई) की दोपहर को तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई. कुछ जगहों पर ओले भी गिरे. मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा है कि इन तीन दिनों के दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक, बारिश, आंधी और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. इसे देखते हुए कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.

पटना जिले के अंतराल, खुसरूपुर, दनियावां, दानापुर, दुल्हिनबाजार, धनरूआ, नौबतपुर, पंडारक, पटना ग्रामीण, पुनपुन, फतुहा, फुलवारी शरीफ, बख्तियारपुर, बाढ़, विक्रम, बिहटा, बेलछी, मनेर, मसौढ़ी और संपतचक के लिए अलर्ट जारी किया गया था. हालांकि पटना शहरी क्षेत्र में ओले के साथ बारिश हुई.



