उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव आधी रात में पटना के मछली मार्केट पहुंच गए, मछुआरों से मिलकर समस्याएं सुनीं
बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव गुरुवार देर रात अचानक पटना के मछली मार्केट पहुंच गए। तेजस्वी ने आधी रात को हड़ताली मोड़ के पास स्थित मछली मार्केट में जाकर मछुआरों से बात की और उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फोन कर मछुआरों की समस्याओं का हाथों-हाथ निराकरण किया। इससे पहले भी तेजस्वी यादव आधी रात को सड़कों पर निकले थे और रैन बसेरों का निरीक्षण किया था।
उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव देर रात 12 बजे पटना के हड़ताली मोड़ के समीप पहुंचे। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन पुल के कारण मछली मार्केट में मछुआरों की दुकानें तोड़ी गई थीं। उसी स्थान के पास एक नई जगह चिह्नित कर पक्का मछली मार्केट का निर्माण करा सभी को पुनर्स्थापित किया गया है ताकि उनकी आजीविका पूर्व की भांति चलती रहे।
डिप्टी सीएम ने मछली मार्केट का निरीक्षण किया और मछुआरों से बात की। तेजस्वी ने उनकी समस्या का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया।
दो दिन पहले भी तेजस्वी यादव आधी रात में पटना की सड़कों पर निकले थे। मंगलवार देर रात उन्होंने राजधानी के विभिन्न रैन बसेरों और आश्रय स्थलों का दौरा करके वहां की सुविधाओं का जायजा लिया था। उन्होंने फुटपाथ पर सोए लोगों को कंबलें भी बांटी।






