समस्तीपुर सदर अस्पताल में एक साथ गूंजीं तीन किलकारियां, महिला ने दिया तीन बच्चों को जन्म

समस्तीपुर : सदर अस्पताल में शुक्रवार की रात एक साथ तीन बच्चों की किलकारियां गूंज उठीं। शहर से सटे मोरदीवा गांव निवासी एक महिला ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया। इनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। तीन बच्चों के एक साथ जन्म लेने की खबर से परिजनों में खुशी का माहौल है। वहीं अस्पताल में भी यह प्रसव चर्चा का विषय बना रहा।
समस्तीपुर सदर अस्पताल में एक साथ गुंजी तीन-तीन किलकारियां, महिला ने एक साथ 3 बच्चों को दिया जन्म; 2 बेटे और 1 बेटी के जन्म से परिवार में खुशी का माहौल…#Samastipur #SadarHospital #HealthDepatment #NewBornBaby pic.twitter.com/hUt1h4xarg
— Samastipur Town (@samastipurtown) November 21, 2026
मिली जानकारी के अनुसार मोरदीवा निवासी गुड्डू कुमार की पत्नी सुधीरा कुमारी (28 वर्ष) को प्रसव पीड़ा होने पर शुक्रवार को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां चिकित्सकों की देखरेख में महिला ने तीन बच्चों को जन्म दिया। तीनों नवजातों में दो बेटे और एक बेटी हैं। अस्पताल प्रबंधन से मिली जानकारी के मुताबिक प्रसव के बाद मां और तीनों नवजात पूरी तरह स्वस्थ हैं। फिलहाल चारों को चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। एक साथ तीन बच्चों के जन्म से परिवार के लोग काफी खुश हैं। परिजन इसे अपने परिवार के लिए दोहरी नहीं, बल्कि तिहरी खुशी बता रहे हैं।






