शनिवार, नवम्बर 21, 2026
Latest:

समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

SamastipurNEWS

समस्तीपुर में हुए रिलायंस ज्वेलरी लूटकांड में शामिल बदमाश भी बेतिया में हुए सेनको ज्वेलरी लूटकांड में थे शामिल, गगन समेत अन्य की तलाशी में STF की ताबड़तोड़ छापेमारी

paid hero ad 20250215 123933 1 scaled

समस्तीपुर : बेतिया में बुधवार की दोपहर हुए सेनको ज्वेलरी शोरूम से करीब 40 करोड़ रुपये के आभूषण लूटकांड के तार अब समस्तीपुर जिले से भी जुड़ते नजर आ रहे हैं। इस बड़ी लूट की घटना में शामिल कुछ बदमाशों की पहचान के दौरान समस्तीपुर जिले के कुछ अपराधियों के नाम सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से कुछ बदमाश समस्तीपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में हुए चर्चित रिलायंस ज्वेलरी लूटकांड में भी शामिल थे। बेतिया लूटकांड में समस्तीपुर के अपराधियों की संलिप्तता के संकेत मिलने के बाद एसटीएफ और बेतिया पुलिस की संयुक्त टीम जिले में लगातार छापेमारी कर रही है।

जानकारी के अनुसार, सेनको ज्वेलरी लूटकांड की जांच में जुटी पुलिस ने घटना में शामिल बदमाशों की पहचान कर ली है। इसके बाद बदमाशों के संभावित ठिकानों का पता लगाकर एसटीएफ की टीम समस्तीपुर पहुंची। यहां पटोरी, सरायरंजन, मोहनपुर समेत अन्य इलाकों में संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान दो-तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की भी चर्चा है। हालांकि पूछताछ के बाद उनलोगों को छोड़ दिया गया है।वहीं, इस लूटकांड के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। बताया जा रहा है कि एसटीएफ और बेतिया पुलिस की एक टीम अभी भी जिले में मौजूद है और स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर रही है।

IMG 20261105 WA0012

जेल में रची गई थी लूटकांड की साजिश, निकलते ही दिया अंजाम :

सूत्रों के अनुसार, बेतिया के सेनको ज्वेलरी शोरूम में लूट की वारदात को अंजाम देने की साजिश पहले से ही तैयार की गई थी। बताया जाता है कि इस लूटकांड की योजना जेल में रहते हुए बनाई गई थी। गिरोह से जुड़े कुछ बदमाश जो समस्तीपुर रिलायंस ज्वेलरी लूटकांड में शामिल थे करीब डेढ़ से दो महीने पहले ही बेल पर जेल से बाहर आये थे। जेल से निकलने के बाद बदमाशों ने अपनी योजना को अंजाम देने की तैयारी शुरू कर दी। इसके लिए घटना से पहले आधा दर्जन से अधिक ज्वेलरी शोरूम की रेकी कराई गई थी। शोरूम की गतिविधियों और अन्य परिस्थितियों का जायजा लेने के बाद बदमाशों ने बेतिया में बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया।

IMG 20240904 WA0139

रिलायंस ज्वेलरी लूटकांड से जुड़ रहा है कनेक्शन :

गौरतलब है कि 28 फरवरी 2024 की शाम करीब आठ बजे समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित रिलायंस ज्वेलरी शोरूम में करीब एक दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने करोड़ों रुपये के आभूषण लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद जिले की पुलिस के साथ-साथ विशेष टीमों को भी जांच में लगाया गया था। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और छापेमारी के आधार पर अलग-अलग जगहों से कई बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। गिरफ्तार आरोपितों के पास से लूटे गए आभूषण भी बरामद किए गए थे।

FB ADD scaled

इस मामले में मोहनपुर थाना क्षेत्र के पत्थरघाट निवासी गगन राज को तत्कालीन एसपी विनय तिवारी के नेतृत्व में समस्तीपुर पुलिस की टीम ने सूरत से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे समस्तीपुर लाया गया था। अब बेतिया के सेनको ज्वेलरी लूटकांड की जांच में भी गगन का नाम चर्चा में आने के बाद पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल एसटीएफ और बेतिया पुलिस की टीम समस्तीपुर में लगातार छापेमारी कर रही है। मुख्य आरोपी समेत अन्य संदिग्ध बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है। हालांकि, इस पूरे मामले में समस्तीपुर पुलिस के पदाधिकारी कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं।

IMG 20260516 WA0116

20201015 075150