छठ से पहले समस्तीपुर जंक्शन पहुंचे सदर SDO, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

समस्तीपुर : आगामी छठ महापर्व को लेकर यात्रियों की संभावित भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) राकेश कुमार ने समस्तीपुर रेलवे जंक्शन का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने जंक्शन पर विधि-व्यवस्था, साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया. निरीक्षण के बाद एसडीओ ने रेलवे और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर पर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.
भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
एसडीओ ने कहा कि छठ पर्व के दौरान रेलवे जंक्शन पर यात्रियों की संख्या में काफी वृद्धि होती है. इसे देखते हुए भीड़ प्रबंधन, टिकटिंग व्यवस्था और प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये जाएं. उन्होंने अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती करने और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से स्टेशन परिसर की निगरानी पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया.

प्लेटफॉर्म पर यात्री सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने रेलवे प्रशासन को जंक्शन के सभी प्लेटफॉर्मों पर पेयजल, शौचालय और अन्य जरूरी यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा. साथ ही स्टेशन परिसर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो.
रेलवे और स्थानीय प्रशासन मिलकर करेंगे काम
एसडीओ राकेश कुमार ने स्थानीय प्रशासन और रेलवे पुलिस को आपसी समन्वय बनाकर काम करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि छठ पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना रोकने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभाग सतर्क रहें. उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाये जा रहे हैं. निरीक्षण के दौरान रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय प्रशासन के पदाधिकारी और संबंधित विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे.




