जितवारपुर में बंद घर का ताला तोड़कर गंडक प्रोजेक्ट के बड़ा बाबू के घर भारी मात्रा में आभूषण व नगद की चोरी

समस्तीपुर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पेपर मिल कैंपस में चोरों ने एक बंद घर का ताला तोड़कर भारी मात्रा में आभूषण और नगदी चोरी कर ली। पीड़ित के साले ने चोरी किये गए आभूषणों की कीमत करीब एक करोड़ रुपये होने की आशंका जताई है। घटना के समय गृहस्वामी महेश साह सपरिवार उज्जैन में महाकाल के दर्शन करने गए हुए हैं। घर में चोरी की जानकारी सीसीटीवी फुटेज देखने के दौरान मिली, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर गुरुवार की रात करीब एक बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
बंद घर का ताला तोड़कर भारी मात्रा में आभूषण की चोरी, गृहस्वामी सपरिवार गये हैं उज्जैन महाकाल दर्शन के लिए
पीड़ित के परिजन सीसीटीवी में गेट टूटा देखकर पहुंचे, पुलिस को दी सूचना
सूचना पर पहुंची मुफस्सिल थाने की पुलिस मामले की छानबीन में जुटी
परिजनों ने बताया कि भारी मात्रा में… pic.twitter.com/TpubI0sMqZ
— Samastipur Town (@samastipurtown) October 30, 2026
पीड़ित महेश साह गंडक प्रोजेक्ट में बड़ा बाबू के पद पर कार्यरत हैं। बताया गया है कि उनका पुत्र पुणे में नौकरी करता है। रात में ड्यूटी से लौटने के बाद पुत्र ने सीसीटीवी फुटेज देखा तो घर का गेट खुला हुआ दिखाई दिया। इसके बाद उसने तत्काल आदर्शनगर में रहने वाले अपने साले को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर रात में ही वह पुलिस टीम को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घर का निरीक्षण किया तो अंदर का सारा सामान बिखरा हुआ मिला। अलमारी का लॉक टूटा था। चोरों ने घर में रखे सूटकेस और आभूषणों के बैग को खाली कर जमीन पर फेंक दिया था। चोर घर में रखे लगभग सभी आभूषण व नगद लेकर फरार हो गए हैं।

पीड़ित के साले नवीन कुमार ने बताया कि घर में काफी मात्रा में आभूषण रखे हुए थे। इनकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये हो सकती है। हालांकि, चोरी किये गए आभूषणों और नगदी की वास्तविक मात्रा का आकलन पीड़ित परिवार के समस्तीपुर लौटने के बाद ही हो सकेगा। चोरी किये गए आभूषणों में महेश साह, उनकी पत्नी, बेटे-बहू और बेटी के गहने शामिल बताए जा रहे हैं।
इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार फिलहाल उज्जैन गया हुआ है। परिवार के समस्तीपुर लौटने के बाद आभूषणों का मिलान करने पर चोरी किये गए सामान की वास्तविक मात्रा स्पष्ट हो सकेगी। उनके आने के बाद आवेदन प्राप्त होने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। घटना बुधवार रात की ही है, परिजनों को गुरूवार की रात घटना की जानकारी हुई। सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्धों को देखा गया है। पुलिस फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। उन्होंने जल्द ही चोरों को पकड़ने की बात कही है।




