दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से 40 प्रत्याशियों में छठे स्थान पर रहे समस्तीपुर के डॉ. धर्मांश रंजन, मतदाताओं के प्रति जताया आभार
समस्तीपुर : दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से बिहार विधान परिषद के चुनाव में प्रत्याशी रहे डॉ. धर्मांश रंजन (अंकुर) ने 2303 मतदाताओं का समर्थन मिलने पर आभार जताया है। उन्होंने चुनाव में छठा स्थान प्राप्त किया। चुनाव परिणाम आने के बाद उन्होंने विजयी प्रत्याशी अनिल झा को बधाई दी। साथ ही चुनाव मैदान में उतरे अन्य प्रत्याशियों के प्रति भी सम्मान व्यक्त किया।
होली मिशन ग्रुप के संचालक डॉ. धर्मांश रंजन ने कहा कि यह उनका पहला चुनाव था। पिछले एक साल के संघर्ष के दौरान उन्हें हजारों लोगों का सहयोग, मार्गदर्शन और समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि उनके पास न कोई राजनीतिक विरासत थी और न ही किसी राजनीतिक दल या स्थापित राजनीतिक संगठन का साथ। इसके बावजूद 2303 मतदाताओं ने उन पर भरोसा जताया, जो उनके लिए संतोष के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।

डॉ. धर्मांश ने कहा कि शिक्षा के मुद्दे पर जाति, धर्म और दलगत राजनीति से ऊपर उठकर समर्थन देने वाले सभी मतदाताओं के वे आभारी हैं। मतदाताओं का विश्वास उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने प्रिंट मीडिया, पत्रकारों, सोशल मीडिया मित्रों और अपनी सोशल मीडिया टीम के प्रति विशेष आभार जताया।
उन्होंने अपने परिवार, पत्नी, माता, भाइयों, मित्रों, शुभचिंतकों, संस्था के कर्मचारियों, अन्य विद्यालयों के संचालकों और युवा टीम के सदस्यों को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक अनुभव भले ही कम था, लेकिन शिक्षित मिथिलांचल बनाने का जुनून और समर्पण हमेशा कायम रहेगा। सभी सहयोगियों के समर्थन के बिना यह सफर संभव नहीं था।


