रविवार, अक्टूबर 4, 2026

समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

SamastipurNEWS

राइफल नंबर ने खोली पोल, जन सुराज के प्रत्याशी रह चुके पूर्व जिलाध्यक्ष राजकपूर सिंह गिरफ्तार; लाइसेंसी राइफल चोरी की कहानी पड़ी भारी

paid hero ad 20250215 123933 1 scaled

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी रह चुके पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष राज कपूर सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, उनकी लाइसेंसी राइफल पिछले वर्ष निलंबित बिहार पुलिस के जवान सरोज सिंह के घर से बरामद हुई थी। आरोप है कि राज कपूर सिंह ने अपनी राइफल सरोज सिंह को आपराधिक वारदात में इस्तेमाल करने के लिए दी थी। हथियार बरामद होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस से बचने के लिए राइफल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई। मोहिउद्दीननगर पुलिस ने शनिवार की रात अंदौर गांव से राज कपूर सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में जिस राइफल को चोरी का बताया गया था, वही हथियार बाद में सरोज सिंह के घर से बरामद हुआ। दोनों के सीरियल नंबर का मिलान होने के बाद पुलिस को शिकायत पर संदेह हुआ और जांच आगे बढ़ाई गई।

चोरी की शिकायत ने खोला हथियार का राज :

पुलिस के मुताबिक, पिछले वर्ष एसटीएफ की कार्रवाई में निलंबित बिहार पुलिस के जवान सरोज सिंह के घर से बड़ी संख्या में हथियार बरामद किए गए थे। इनमें एके-47, इंसास, कार्बाइन और रेगुलर राइफल शामिल थीं। इसी बरामदगी में राज कपूर सिंह की लाइसेंसी राइफल भी मिली थी। राइफल बरामद होने की जानकारी मिलने के बाद राज कपूर सिंह ने न्यायालय में परिवाद दायर कर हथियार चोरी होने की बात कही। इसके आधार पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान बरामद राइफल का नंबर 166109096 सामने आया। पुलिस ने जब इस नंबर का मिलान कराया तो यह वही नंबर निकला, जिसे राज कपूर सिंह ने अपनी चोरी हुई राइफल के रूप में दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने शिकायतकर्ता से जुड़े तथ्यों और हथियार के सरोज सिंह के घर तक पहुंचने की कड़ी की जांच शुरू की।

file 0000000024b48211aa752e89fc9a15de

पुलिस जांच में सामने आई दूसरी कहानी :

जांच के दौरान पुलिस का दावा है कि राइफल चोरी नहीं हुई थी, बल्कि राज कपूर सिंह ने उसे सरोज सिंह को उपलब्ध कराया था। पुलिस के अनुसार, हथियार का इस्तेमाल किसी आपराधिक घटना में किया जाना था। इससे पहले ही एसटीएफ और जिला पुलिस ने कार्रवाई कर सरोज सिंह के ठिकाने पर छापेमारी कर दी, जिससे कथित योजना पर पानी फिर गया। पुलिस का आरोप है कि राइफल बरामद होने के बाद मामले से खुद को अलग रखने के लिए चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई। जांच में शिकायत गलत पाए जाने के बाद राज कपूर सिंह के खिलाफ अलग प्राथमिकी दर्ज की गई।

IMG 20240904 WA0139

एसटीएफ की कार्रवाई में भारी मात्रा में हथियार मिले थे :

मामले की जड़ पिछले साल 6 जून की रात हुई एसटीएफ की कार्रवाई से जुड़ी है। मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के गंगा दियारा इलाके के सुल्तानपुर गांव में निलंबित दारोगा सरोज सिंह के घर एसटीएफ और जिला पुलिस की टीम ने छापेमारी की थी।पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग भी हुई थी। तलाशी के दौरान एके-47, इंसास राइफल, कार्बाइन और दो रेगुलर राइफल समेत कई हथियार बरामद किए गए थे। कार्रवाई के बाद सरोज सिंह के अलावा उसके चाचा और भतीजे को भी गिरफ्तार किया गया था।

इंसास राइफल का भी सामने आया कनेक्शन :

पुलिस जांच में सरोज सिंह के घर से बरामद इंसास राइफल को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई थी। पुलिस के अनुसार, यह हथियार रोहतास जिले में लोकसभा चुनाव के दौरान ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा में तैनात जवान मंटू कुमार को उपलब्ध कराया गया था। ड्यूटी के दौरान यह राइफल गायब हो गई थी। हालांकि, सरोज सिंह के घर से बरामद एके-47 और कार्बाइन को लेकर पुलिस की जांच अभी स्पष्ट निष्कर्ष तक नहीं पहुंची है।

FB ADD scaled

समस्तीपुर के एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि जांच में लाइसेंसी राइफल को सरोज सिंह तक पहुंचाने की बात सामने आई है। बरामदगी के बाद राइफल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराने को पुलिस ने गंभीरता से लिया और जांच में शिकायत गलत पाए जाने पर कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार राज कपूर सिंह को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

नोट: राज कपूर सिंह पर लगाए गए आरोप पुलिस की जांच और प्राथमिकी पर आधारित हैं। मामले में अंतिम निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा।

IMG 20260516 WA0116

20201015 075150