समस्तीपुर : राष्ट्रीय लोक अदालत में 3542 मामलों का निष्पादन, न्यायिक अधिकारियों ने संभाली अलग-अलग बेंचों की जिम्मेदारी

समस्तीपुर : जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार भवन में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार आयोजित लोक अदालत का शुभारंभ प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार राहुल कुमार, डीएम रोशन कुशवाहा व एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
राष्ट्रीय लोक अदालत में मामलों के त्वरित एवं आपसी समझौते के आधार पर निष्पादन के लिए कुल 17 बेंचों का गठन किया गया। विभिन्न न्यायिक पदाधिकारियों को बेंचों की जिम्मेदारी सौंपी गई। राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से विवादपूर्ण मामले यथा बैंक ऋण, बीएसएनएल एवं ई-चालान केस से संबंधित कुल 1620 मामलों का निष्पादन किया गया, जिसमें समझौता राशि के रूप में कुल 9,66,38,026 रुपये की वसूली हुई।


साथ ही न्यायालयों में लंबित सुलहनीय वादों, यथा चेक बाउंस, विद्युत वाद से संबंधित मामले, 138 एनआई एक्ट, जीओ एवं आपराधिक सुलहनीय वादों के कुल 1922 मामलों का निष्पादन किया गया। इनमें कुल 1,14,42,318 रुपये मात्र की समझौता राशि प्रदान की गई। इस प्रकार राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 3542 मामलों का निष्पादन किया गया। उक्त जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकार, समस्तीपुर के सचिव मनोज कुमार द्वारा दी गई।

राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुनील कुमार चौबे, आलोक कुमार पांडेय एवं उमाशंकर नारायण, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव मनोज कुमार, अपर मुख्य दंडाधिकारी जयश्री कुमारी, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी मयंक कुमार पांडेय, सिविल जज जूनियर डिवीजन कनिका शर्मा एवं सृष्टि सिन्हा तथा न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी बादल कुमार गुप्ता, प्रियंका यादव, नैंसी कुमारी, स्वीटी कुमारी, मणिशंकर मणि, आशीष कुमार सिंह एवं सौरभ कुमार चौधरी शामिल रहे। आयोजन का उद्देश्य पक्षकारों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना तथा आपसी सहमति के आधार पर मामलों का समाधान सुनिश्चित करना रहा।
राष्ट्रीय लोक अदालत में 3542 मामलों का निष्पादन
जिला विधिक सेवा प्राधिकार भवन में हुआ आयोजन
न्यायिक अधिकारियों ने संभाली अलग-अलग बेंचों की जिम्मेदारी
प्रभारी जिला जज, डीएम व एसपी ने दीप प्रज्वलित कर किया लोक अदालत का शुभारंभ#Samastipur #LokAdalat pic.twitter.com/ezZrmWiWj5
— Samastipur Town (@samastipurtown) September 12, 2026



