कर्पूरीग्राम में 2 हजार 340 लीटर शराब लदा ट्रक जब्त, कई कारोबारी नामजद
समस्तीपुर : कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगदीशपुर रामी चौर में पुलिस ने छापेमारी कर अंग्रेजी शराब से लदा एक ट्रक बरामद किया है। ट्रक की तलाशी के दौरान पुलिस को कुल 2340 लीटर शराब मिली। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर थाना लाया, जहां शराब को अनलोड कर उसकी गिनती की गई। पुलिस के अनुसार, शराब की खेप पहुंचने की सूचना मिलने के बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जगदीशपुर रामी चौर में छापेमारी की थी।
मौके पर ट्रक खड़ा मिला, जिसकी तलाशी लेने पर उसमें शराब के कार्टन लदे पाए गए। इस मामले में पुलिस ने धीरज यादव, आयुष कुमार समेत 12 कारोबारी को नामजद किया है। सभी के खिलाफ मद्य निषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। कर्पूरीग्राम थानाध्यक्ष राज कुमार सिंह ने बताया कि शराब कारोबार में शामिल धंधेबाजों की पहचान कर ली गई है। नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।


