संत रविदास जयंती पर समस्तीपुर कलेक्ट्रेट से निकली कलश यात्रा, सामाजिक समरसता का दिया गया संदेश; नई पीढ़ी को संत रविदास के विचारों से जोड़ने का लिया संकल्प

समस्तीपुर : संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर से कलश यात्रा निकाली गई। सांसद शांभवी चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर दो वाहनों को रवाना किया। यात्रा मोहनपुर रोड स्थित नक्कू स्थान पहुंची, जहां मोहनपुर चौक स्थित महादेव मंदिर में कलश की स्थापना की गई। इस दौरान संत रविदास के जयघोष के साथ उनके सामाजिक समरसता और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
कलश यात्रा में जिले के विभिन्न प्रखंडों के कल्याण पदाधिकारी, विकास मित्र, जीविका दीदी, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में संबंधित कर्मियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक अश्वमेघ देवी, एमएलसी डॉ. तरुण कुमार चौधरी, एडीएम ब्रजेश कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, सदर एसडीओ राकेश कुमार, अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी मणिभूषण ठाकुर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


इस दौरान सांसद शांभवी चौधरी ने बताया कि कलश यात्रा 19 और 20 अगस्त को जिले के सभी प्रखंडों के अनुसूचित जाति टोलों में भ्रमण करेगी। इसके माध्यम से संत रविदास के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से संत रविदास की रचनाओं और उनके विचारों को पढ़ने, उनके बारे में जागरूक होने तथा समाज को जोड़ने में योगदान देने की अपील की। वहीं विधायक अश्वमेघ देवी ने कहा कि बिहार सरकार की यह पहल सराहनीय है। इसके माध्यम से नई पीढ़ी को संत रविदास के सामाजिक योगदान से अवगत कराया जा रहा है।





